चंदौली: नौगढ़ के आशीर्वाद हॉस्पिटल में मां और गर्भस्थ शिशु की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
Sandesh Wahak Digital Desk: चंदौली जिले के नौगढ़ कस्बे स्थित आशीर्वाद हॉस्पिटल में रविवार को इलाज के दौरान माँ और उसके गर्भस्थ शिशु की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। घटना के बाद चिकित्सक और अस्पताल संचालक मौके से फरार हो गए।
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
मीरजापुर के शेरवा (जमालपुर) गांव की रहने वाली रेशमा (उम्र ज्ञात नहीं), जो इन दिनों अपने मायके भैसौड़ा (नौगढ़) आई थीं, को प्रसव पीड़ा होने पर उनके पिता आशिक अली शनिवार की शाम आशीर्वाद हॉस्पिटल ले गए थे।
पिता आशिक अली का आरोप है कि अस्पताल के चिकित्सकों ने प्रसव कराने के बजाय रेशमा को ड्रिप लगाकर छोड़ दिया। रविवार की सुबह तक प्रसव नहीं कराया गया, जबकि अल्ट्रासाउंड के अनुसार प्रसव का समय पूरा हो चुका था। चिकित्सकों की इसी कथित लापरवाही के कारण मां और शिशु दोनों की मौत हो गई।
शव रखकर प्रदर्शन, उच्चाधिकारियों की मांग
मां और बच्चे की मौत के बाद स्वजन बिलख पड़े और आक्रोशित होकर दोनों के शवों को अस्पताल के सामने रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे स्वजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। परिजन मौके पर उच्चाधिकारियों को बुलाने और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग पर अड़े हुए हैं।
मृतका रेशमा के दो छोटे बच्चे हैं पांच साल की बेटी सबिया और तीन साल का बेटा सैफ। अस्पताल संचालक और चिकित्सक घटना के बाद से ही फरार हैं।
Also Read: सिद्धार्थनगर: युवक को बेरहमी से पीटने के आरोप में SHO मोहाना सहित 4 पुलिसकर्मी निलंबित, जांच के आदेश

