राम मंदिर दान विवाद पर चंद्रशेखर का BJP पर हमला, बोले- आस्था के नाम पर हो रही लूट
Chandrashekhar Azad: आज़ाद समाज पार्टी (आसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद सोमवार को रामनगर हिंसा मामले की सुनवाई के लिए एमपी-एमएलए कोर्ट पहुंचे। कोर्ट में पेशी के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए श्रीराम मंदिर दान चोरी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले राम के नाम पर सत्ता हासिल की गई और अब राम मंदिर के दान में भी गड़बड़ी के आरोप सामने आ रहे हैं।
FIR से पहले SIT गठन पर चंद्रशेखर ने उठाए सवाल
चंद्रशेखर ने कहा कि भगवान श्रीराम के नाम पर लोगों की आस्था से जमा किए गए दान में अनियमितताओं की खबरें सामने आई हैं। उनका आरोप है कि इस मामले में छोटे लोगों पर कार्रवाई हो रही है, जबकि बड़े जिम्मेदार लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब मामला इतना बड़ा है तो केंद्रीय जांच एजेंसियां अब तक सक्रिय क्यों नहीं हुईं। उन्होंने यह भी कहा कि एफआईआर दर्ज होने से पहले एसआईटी का गठन कई सवाल खड़े करता है।
रामनगर हिंसा मामले में हुई कोर्ट में सुनवाई
रामनगर हिंसा मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट में चंद्रशेखर समेत आठ आरोपी पेश हुए। करीब 45 मिनट तक चली सुनवाई के दौरान अदालत ने उनके गैर-जमानती वारंट वापस लिए और चार्ज फ्रेम की प्रक्रिया पूरी की। यह मामला मई 2017 में हुई जातीय हिंसा से जुड़ा है, जिसमें कई लोग घायल हुए थे और वाहनों में आग लगा दी गई थी। विशेष लोक अभियोजक के अनुसार, अदालत ने अब इस मामले की अगली सुनवाई 9 जुलाई तय की है।

