जर्मनी के यूथ सेंटर में ताबड़तोड़ फायरिंग, 5 की मौत, 2 संदिग्ध पुलिस हिरासत में
Germany Youth Center Shooting: उत्तरी जर्मनी के स्टेड शहर में सोमवार को हुई भीषण गोलीबारी में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह घटना सेंट्रल स्टेड स्थित एक यूथ सेंटर के भीतर हुई। करीब 50 हजार की आबादी वाले इस शांत शहर में अचानक हुई इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, हमले के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
जांच जारी, इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि यूथ सेंटर के आसपास बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया गया। लोगों से सुरक्षा के लिए घटनास्थल से दूर रहने की अपील की गई। ल्यूनेबर्ग पुलिस मुख्यालय ने भी सोशल मीडिया पर लोगों को उस क्षेत्र से दूर रहने की सलाह दी। बड़ी संख्या में पुलिस और इमरजेंसी सर्विस की टीमें मौके पर मौजूद रहीं और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई।
हमलावरों की संख्या पर बना सस्पेंस
शुरुआती मीडिया रिपोर्टों में एक से अधिक हमलावरों की आशंका जताई गई थी और कुछ संदिग्धों के फरार होने की भी बात कही गई। हालांकि, जर्मन पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल दो संदिग्ध हिरासत में हैं और जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, इस हमले में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई घायल अस्पतालों में भर्ती हैं। अधिकारियों ने कहा है कि दोनों मुख्य संदिग्धों के हिरासत में होने के बाद फिलहाल आम लोगों के लिए कोई खतरा नहीं है। अब पुलिस हमले के मकसद और आरोपियों की पृष्ठभूमि की गहन जांच कर रही है।

