UP News: ‘2018 के बाद अब…’, शिक्षक भर्ती आंदोलन के बीच योगी सरकार पर हमलावर हुए चंद्रशेखर आजाद
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में प्राथमिक स्कूलों में सहायक अध्यापकों की नियुक्ति को लेकर चल रहे आंदोलन को नगीना से सांसद और भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद का जोरदार समर्थन मिला है।

चंद्रशेखर आजाद ने प्रयागराज में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के बाहर बेमियादी धरने पर बैठे अभ्यर्थियों के पक्ष में उतरते हुए उन्होंने योगी सरकार पर तीखे सवाल दागे।
चंद्रशेखर आजाद ने एक्स पर लिखा, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी, 2018 के बाद अब तक कोई नई शिक्षक भर्ती क्यों नहीं हुई?”
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब राज्य सरकार स्वयं सुप्रीम कोर्ट में 51,112 पद खाली होने की बात मान चुकी है, तो फिर इन पदों पर नियुक्तियां क्यों नहीं की जा रही हैं।
रिक्तियों के आंकड़े और सरकार पर सवाल
आजाद ने कहा कि एक आरटीआई के अनुसार उत्तर प्रदेश में प्राथमिक शिक्षकों के 1.73 लाख पद खाली हैं।
वहीं, वर्ष 2020 में तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल द्वारा संसद में दिए गए बयान का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि 2,17,481 पद रिक्त हैं, जो प्रदेश में शिक्षा की गिरती स्थिति का प्रमाण हैं।
उन्होंने सरकार से मांग की कि 68500 शिक्षक भर्ती के बचे हुए पदों, 2018 के बाद से खाली पड़े 51112 पदों, और हर साल रिटायर हो रहे लगभग 10 से 15 हजार शिक्षकों के पदों को मिलाकर कम से कम एक लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए।
डीएलएड अभ्यर्थियों को नहीं मिला अवसर
चंद्रशेखर आजाद ने डीएलएड (पूर्व में बीटीसी) 2017, 2018 और 2019 बैच के लगभग 5 लाख प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को अब तक भर्ती में कोई मौका न मिलने पर भी चिंता जताई।
उन्होंने इसे युवाओं के साथ अन्याय करार दिया और कहा कि इतने वर्षों से योग्य उम्मीदवार बेरोजगार बैठे हैं, जबकि प्रदेश के स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी है।
लिखित आश्वासन की मांग
सांसद ने सरकार से केवल मौखिक नहीं, बल्कि लिखित आश्वासन देने और भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से शुरू करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई है और वह इन अभ्यर्थियों के साथ खड़े हैं।
शिक्षा की गिरती गुणवत्ता पर भी सवाल
उन्होंने बेसिक शिक्षा व्यवस्था की गिरती गुणवत्ता के लिए शिक्षक संकट को मुख्य कारण बताया और पूछा कि क्या सरकार को यह नहीं दिखाई दे रहा?
चंद्रशेखर आजाद का यह हमला उस समय सामने आया है जब राज्य भर में सहायक अध्यापक भर्ती को लेकर बेरोजगार युवाओं का आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
Also Read: अयोध्या में 65 बस चालक भर्ती, प्रशिक्षण के लिए कानपुर भेजे जाएंगे

