अब CM योगी को चंद्रशेखर आजाद की खुली चुनौती, कहा- ‘बिजनौर से लड़कर दिखाएं चुनाव’
Chandrashekhar Azad Challenges Yogi: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव (UP Assembly Elections) से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के बाद अब आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) को चुनावी चुनौती दी है। उन्होंने सीएम योगी से बिजनौर जिले की किसी भी विधानसभा सीट से उनके सामने चुनाव लड़ने को कहा।
अमरोहा के हसनपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर ने मुख्यमंत्री को चुनौती देने के साथ ही चुनाव आयोग और सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और नेताओं की रैलियों में भीड़ जुटाने के तरीकों को लेकर सवाल उठाए।
‘बिजनौर की किसी भी सीट से लड़कर दिखाएं’
Chandrashekhar Azad ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ में दम है तो वह बिजनौर जिले की आठ विधानसभा सीटों में से किसी भी सीट पर उनके सामने चुनाव लड़कर दिखाएं। उन्होंने दावा किया कि अगर वह मुख्यमंत्री को चुनाव हराकर नहीं भेज पाए तो राजनीति छोड़ देंगे।
अपने संबोधन में चंद्रशेखर ने 2022 के विधानसभा चुनाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में उनकी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने पहुंचे थे। हालांकि, उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने चुनाव लड़ने का साहस दिखाया था।
चुनाव आयोग और रैलियों में भीड़ पर भी उठाए सवाल
चंद्रशेखर आजाद ने विपक्ष के चुनाव आयोग को लेकर किए जा रहे धरना-प्रदर्शन का जिक्र करते हुए सवाल किया कि विरोध के बावजूद मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा अब तक क्यों नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा कराने की ताकत उनमें भी है और इसके लिए जनता से साथ देने की अपील की।
उन्होंने (Chandrashekhar Azad) ने यह भी आरोप लगाया कि बड़े नेताओं की जनसभाओं में भीड़ जुटाने के लिए लोगों को पैसे दिए जाते हैं या सरकारी कर्मचारियों पर दबाव बनाया जाता है। चंद्रशेखर ने दावा किया कि आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को भी सभाओं में पहुंचने के लिए मजबूर किया जाता है। ये आरोप उनके बयान पर आधारित हैं।
Also Read: अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग के आंकड़ों पर उठाए सवाल, बोले- गलती पकड़ क्यों नहीं पा रहा?

