UP: बेरोजगारी, किसान और महंगाई पर गरजे चंद्रशेखर, कॉकरोच पार्टी पर कह दी ये बात
UP News: आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद (Chandrashekhar Azad) ने शनिवार को शामली में आयोजित सत्ता परिवर्तन यात्रा के दौरान केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश की राजनीति को हिंदू-मुस्लिम बहस से बाहर निकालकर बेरोजगारी, महंगाई और किसानों की समस्याओं जैसे वास्तविक मुद्दों पर केंद्रित करने की जरूरत है।
बनत क्षेत्र के लिलौन खेड़ी में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि समाज में एकता और भाईचारा बनाए रखना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने लोगों से सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की अपील करते हुए कहा कि विभाजन की राजनीति से किसी का भला नहीं होने वाला।
युवाओं और किसानों की समस्याओं पर जताई चिंता
सभा के दौरान चंद्रशेखर आजाद (Chandrashekhar Azad) ने कहा कि देश का युवा रोजगार के लिए संघर्ष कर रहा है, जबकि किसान अपनी उपज का उचित मूल्य पाने के लिए परेशान हैं। उनका कहना था कि किसानों को फसलों का लाभकारी मूल्य नहीं मिल रहा और युवाओं के सामने नौकरी का संकट लगातार बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकारों को जनता की बुनियादी समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि यही मुद्दे आम लोगों की जिंदगी को सीधे प्रभावित करते हैं।
आजाद समाज पार्टी प्रमुख ने स्मार्ट मीटर योजना और बिजली व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि नई व्यवस्थाओं के जरिए आम उपभोक्ताओं और किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। साथ ही बिजली कटौती की समस्या का भी जिक्र करते हुए कहा कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोग इससे प्रभावित हैं।
कॉकरोच पार्टी पर भी दिया जवाब
मीडिया से बातचीत के दौरान चंद्रशेखर आजाद (Chandrashekhar Azad) से कॉकरोच पार्टी को लेकर भी सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि यह पार्टी अभी नई है। साथ ही उन्होंने कहा कि वह पिछले 15 वर्षों से गरीबों, किसानों और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करते आ रहे हैं और आगे भी यह लड़ाई जारी रहेगी।
बड़ी संख्या में शामिल हुए समर्थक
सभा के बाद सत्ता परिवर्तन यात्रा लिलौन क्षेत्र से शुरू होकर अजंता चौक तक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पूरे मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष सुनील चित्तौड़, नवाजिश आलम समेत पार्टी के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

