मायावती के सीधे हमले के बाद चंद्रशेखर का पलटवार, बोले- ‘सम्मान आज भी है… आशीर्वाद चाहिए’
Mayawati vs Chandrashekhar Azad: बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती के नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद पर सीधे हमले के बाद अब आजाद ने पलटवार किया है। मायावती ने सोमवार को आरोप लगाया कि चंद्रशेखर का अपना जनाधार नहीं है और 2024 के नगीना लोकसभा चुनाव में BJP ने EVM में गड़बड़ी कर उन्हें जिताया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चंद्रशेखर बीजेपी के इशारे पर काम करते हैं।
चंद्रशेखर आजाद ने मायावती के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने मायावती की प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव आयोग, EVM और नगीना चुनाव को लेकर कही गई बातें सुनी हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि जिन लोगों ने कभी पूछा था कि “कौन चंद्रशेखर?”, उन्हें जनता ने बता दिया कि उनके लिए सड़क पर संघर्ष करने वाला चंद्रशेखर कौन है।
‘जनता ने 5,12,552 वोट देकर चुना’
नगीना सांसद Chandrashekhar Azad ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में नगीना की जनता ने उन्हें 5,12,552 वोट देकर अपना प्रतिनिधि चुना था। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक चंद्रशेखर ने BJP के ओम कुमार को 1,51,473 वोटों से हराया था।
चंद्रशेखर ने कहा कि यह उनके लिए सिर्फ चुनावी जीत नहीं, बल्कि जनता के भरोसे और प्रेम की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया और EVM की पारदर्शिता पर सवाल उठाना लोकतंत्र में हर व्यक्ति का अधिकार है और वह खुद भी चुनाव में अधिकतम पारदर्शिता तथा बैलेट पेपर से मतदान की मांग करते रहे हैं।
हालांकि, उन्होंने कहा कि नगीना के मतदाताओं के जनादेश को किसी साजिश से जोड़ने से उन लाखों लोगों की भावना आहत होती है, जिन्होंने अपने विवेक से मतदान किया।
‘सम्मान कल भी था, आज भी है’
चंद्रशेखर ने कहा कि उनकी राजनीति किसी व्यक्ति के विरोध पर नहीं, बल्कि बहुजन समाज के सम्मान, सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा पर आधारित है। उन्होंने मायावती (Mayawati) के प्रति सम्मान जताते हुए कहा कि मतभेदों के बावजूद बहुजन समाज में संवाद और भाईचारा बना रहना चाहिए।
Chandrashekhar Azad अंत में कहा, “बहन जी के प्रति मेरा सम्मान कल भी था, आज भी है और हमेशा रहेगा।” साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी का नाम आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) है।
Also Read: सीतापुर में सरकारी जमीन हड़पने की साजिश का खुलासा, पेशकार समेत 4 पर FIR

