बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ चार्जशीट दाखिल, लगाए गंभीर आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: बांग्लादेश की राजनीति में एक बड़ा मोड़ आया है। देश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना पर अब अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण (ICT) ने औपचारिक रूप से मानवता के खिलाफ अपराधों के आरोप लगाए हैं। रविवार, 1 जून 2025 को ढाका स्थित ट्रिब्यूनल में अभियोजन पक्ष ने उनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल की।

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, यह मामला जुलाई और अगस्त 2024 में हुए जन-विद्रोह और उस दौरान हुई हिंसक घटनाओं से जुड़ा है। अभियोजन पक्ष ने शेख हसीना को देशभर में हुई सामूहिक हत्याओं की प्रमुख साजिशकर्ता बताया है। चार्जशीट में उनके साथ दो अन्य पूर्व शीर्ष अधिकारियों- पूर्व गृह मंत्री असदुज्जमां खान कमाल और पूर्व पुलिस महानिदेशक (IGP) चौधरी मामून को भी सह-आरोपी बनाया गया है।

चार्जशीट में क्या-क्या आरोप हैं

मुख्य अभियोजक मोहम्मद ताजुल इस्लाम ने बताया कि हसीना पर कुल पांच गंभीर आरोप लगाए गए हैं। सामूहिक हत्याओं को रोकने में विफलता, हिंसा भड़काने का प्रयास, साजिश रचना, हत्याओं में मिलीभगत, विद्रोहियों के खिलाफ अत्यधिक बल प्रयोग की मंजूरी देना शामिल है।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, उनके पास कई अहम सबूत हैं जिनमें वीडियो फुटेज, ऑडियो रिकॉर्डिंग, कॉल रिकॉर्ड, ड्रोन और हेलीकॉप्टर मूवमेंट की निगरानी रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान शामिल हैं। शेख हसीना ने इन सभी आरोपों को राजनीति से प्रेरित करार देते हुए खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि ये मुकदमा उन्हें और उनकी पार्टी को बदनाम करने की कोशिश है।

Also Read: अब्बास अंसारी की विधायकी रद्द, रिक्त घोषित हुई ये सीट, उपचुनाव की हलचल तेज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.