Bareilly News: मनौना धाम के महंत को धमकी देने वाला बरेली का हिस्ट्रीशीटर महाराष्ट्र से गिरफ्तार
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की आंवला थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मनौना धाम मंदिर के महंत ओमेंद्र महाराज के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र, अशोभनीय और धमकीभरा वीडियो वायरल करने वाले मुख्य आरोपी आंवला थाना क्षेत्र के मोहल्ला भुर्जी टोला निवासी रोहित यादव को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रोहित यादव आंवला थाने का शातिर हिस्ट्रीशीटर भी है।
इस मामले की शुरुआत 10 जून, 2026 को हुई थी, जब मनौना ग्राम के निवासी मोहित पाठक ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(2) और 45 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। मामले की गंभीरता और विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर केस में बाद में धारा 308(5) की भी बढ़ोतरी की गई थी।
अदालत से मिली रिमांड
वारंट जारी होने के बाद वरिष्ठ उप-निरीक्षक धर्मपाल सिंह, विवेचक उप-निरीक्षक सोमपाल सिंह और कांस्टेबल जयंत चौधरी की एक विशेष टीम 3 जुलाई को प्राइवेट वाहन से महाराष्ट्र के लिए रवाना हुई थी। बरेली सर्विलांस सेल से मिले सटीक इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने 6 जुलाई को पुणे (महाराष्ट्र) की मैंगे एग्रो मशरूम फैक्ट्री में छापेमारी कर 33 वर्षीय रोहित यादव को धर दबोचा।
गिरफ्तारी के बाद पुणे के वाईसीएम अस्पताल में आरोपी का मेडिकल टेस्ट कराया गया और उसे देहू रोड थाने में दाखिल किया गया। 7 जुलाई 2026 को पुलिस ने आरोपी को वाडगांव मावल (पुणे) की प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया, जहां से कोर्ट ने आरोपी की 10 जुलाई तक की ट्रांजिट रिमांड मंजूर कर दी। रिमांड आदेश मिलते ही यूपी पुलिस आरोपी को लेकर आज सकुशल आंवला थाने पहुंच गई है। पकड़े गए आरोपी रोहित यादव पर पहले से ही मारपीट, जान से मारने की धमकी देने और हत्या के प्रयास जैसे कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: आतंकी ठिकानों पर हमलों की गूंज दुनिया ने सुनी, मेलबर्न में PM मोदी का बड़ा बयान

