पहले घेरा, फिर दनादन गोलियां… अंकित बालियान मर्डर का खौफनाक CCTV फुटेज आया सामने

Ankit Baliyan Murder Case: उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी गायक और यूट्यूबर अंकित बालियान की दिनदहाड़े हत्याका CCTV फुटेज सामने आया है। करीब 89 सेकेंड के इस वीडियो में जिम से निकलकर कार तक पहुंचे अंकित को चार हमलावर घेरते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, हमलावर दो मोटरसाइकिलों से आए थे और करीब 18 राउंड फायरिंग की गई।

CCTV फुटेज में अंकित पहले अपनी कार के पास पहुंचते हैं और बैग रखने के बाद गाड़ी में बैठने की कोशिश करते हैं। इसी दौरान चार लोग उनकी तरफ बढ़ते हैं और उन्हें चारों तरफ से घेर लेते हैं। इसके बाद अचानक गोलियां चलने लगती हैं। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो जाते हैं।

18 राउंड फायरिंग, मौके पर मौत

एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश के मुताबिक, CCTV की जांच में चार हमलावरों के दो मोटरसाइकिलों से आने की बात सामने आई है। उन्होंने करीब 18 राउंड फायरिंग की। एक गोली अंकित के सिर में लगी और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

पुलिस अब CCTV फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यूपी एसटीएफ (UP STF) भी मामले की जांच में शामिल है।

गोगी गैंग के नाम से सामने आया पोस्ट

हत्या (Ankit Baliyan Murder Case) के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर गोगी गैंग के नाम से एक पोस्ट सामने आया, जिसमें वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। पुलिस इस पोस्ट की सत्यता और इसके पीछे मौजूद लोगों की जांच कर रही है। एडीजी के मुताबिक, पोस्ट में भोलू शाहपुरिया नाम के शख्स का भी जिक्र किया गया है।

पुलिस अंकित के सोशल मीडिया अकाउंट्स, हालिया गतिविधियों और उनके संपर्क में रहे लोगों की भी जानकारी जुटा रही है। हत्या की असली वजह और हमलावरों के बारे में जांच पूरी होने के बाद स्थिति और साफ होगी।

कबड्डी खिलाड़ी से बने हरियाणवी गायक

शामली के बंतीखेड़ा गांव निवासी अंकित बालियान हरियाणवी संगीत और सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय थे। उनके यूट्यूब चैनल पर 3.68 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर और इंस्टाग्राम पर करीब 4.97 लाख फॉलोअर्स बताए जाते हैं।

परिवार के मुताबिक, अंकित पहले राज्य स्तर के कबड्डी खिलाड़ी थे। पैर में फ्रैक्चर के बाद उन्होंने खेल छोड़ दिया और बाद में संगीत की दुनिया में कदम रखा। करीब 2022 से उन्होंने हरियाणवी संगीत में सक्रिय रूप से काम शुरू किया और कई गीतों में गायक, गीतकार और संगीतकार के तौर पर योगदान दिया।

Also Read: अंकित बालियान हत्याकांड में STF की एंट्री, भोलू शाहपुरिया ने ली हत्या की जिम्मेदारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.