चिराग पासवान ने भरत तिवारी को दी श्रद्धांजलि, बोले- यह एनकाउंटर नहीं हत्या है
Sandesh Wahak Digital Desk: भोजपुर के बिलौटी गांव में कथित पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी के परिजनों से मुलाकात करने शुक्रवार को केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान उनके आवास पहुंचे। इस दौरान बेहद भावुक कर देने वाला नजारा देखने को मिला, जब केंद्रीय मंत्री ने घुटनों के बल बैठकर मृतक भरत तिवारी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी। पीड़ित परिवार से बातचीत के बाद चिराग पासवान ने कड़ा रुख अपनाते हुए इस घटना को एनकाउंटर मानने से साफ इनकार कर दिया और इसे सीधे तौर पर हत्या करार दिया। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था के रखवाले ही अगर खुद कानून हाथ में लेने लगेंगे, तो जनता का न्याय व्यवस्था से भरोसा उठ जाएगा।
मुलाकात के बाद भरत तिवारी के माता-पिता और परिजनों ने बताया कि चिराग पासवान ने उन्हें इंसाफ का पूरा भरोसा दिलाया है। मृतक के पिता के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया है कि आगामी तीन-चार दिनों के भीतर सभी आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी और कार्रवाई ऐसी होगी जिसे पूरी दुनिया देखेगी। चिराग पासवान ने परिवार को यह भी बताया कि वे इस सिलसिले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर चुके हैं और आगे भी इस मुद्दे को उनके सामने मजबूती से रखेंगे। वहीं, भरत की मां ने रोते हुए कहा कि जिस तरह उनके बेटे को मारा गया वह सरासर गलत है और वे दोषियों को सलाखों के पीछे देखना चाहती हैं।
परिजनों ने केंद्रीय मंत्री को पीएमसीएच का वह दर्दनाक वीडियो भी दिखाया, जिसमें मृतक के शव को लावारिस हालत में फेंक दिया गया था। परिवार ने बताया कि पहले उन्हें तीन गोली मारे जाने की बात कही गई थी, लेकिन असल में भरत को पांच गोलियां मारी गई थीं। इस मामले पर मीडिया से बात करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि कुछ प्रशासनिक अधिकारियों ने अपने निजी स्वार्थ के लिए इस वारदात को अंजाम दिया है, जिसे किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि उनकी बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भी बात हुई है और अगर जरूरत पड़ी तो इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी ताकि पीड़ित परिवार को पूरी तरह से न्याय मिल सके।
Also Read: ईरान में खामेनेई का राजकीय अंतिम संस्कार शुरू, ताबूत के पास भारत के धर्मगुरुओं ने की प्रार्थना

