आम की राजधानी बना उत्तर प्रदेश, देश के कुल उत्पादन में 26 प्रतिशत योगदान पर बोले सीएम योगी
UP Mango Festival: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर प्रदेश देश के कुल आम उत्पादन में 26 प्रतिशत योगदान देता है, जबकि आम की खेती का रकबा केवल 9 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि जब भी देश में आम की चर्चा होती है, उत्तर प्रदेश का नाम सबसे ऊपर आता है। सीएम योगी लखनऊ में आयोजित उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026 के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
800 से ज्यादा किस्में, हर क्षेत्र की अलग पहचान
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में आम की सात श्रेणियों के 56 वर्गों में 800 से अधिक किस्में मौजूद हैं। महोत्सव में मलिहाबाद का दशहरी, वाराणसी और गोरखपुर का लंगड़ा, बागपत व सहारनपुर का रतोल और बस्ती का आम्रपाली समेत करीब 800 किस्में प्रदर्शित की गई हैं। उन्होंने कहा कि हर किस्म अपनी मिट्टी की खुशबू और क्षेत्र की मिठास को दर्शाती है।
किसानों की आय और वैश्विक बाजार पर फोकस
सीएम योगी ने कहा कि एक एकड़ आम की खेती से किसान करीब 2.5 लाख रुपये की शुद्ध आय कमा सकता है। अगर इसे प्रसंस्करण और निर्यात से जोड़ा जाए तो कमाई और बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि मलिहाबाद के दशहरी आम को जीआई टैग मिला है और इसे ‘काकोरी’ ब्रांड के तहत बढ़ावा दिया गया है। राज्य में सहारनपुर, लखनऊ, अमरोहा और वाराणसी में आधुनिक आम पैक हाउस स्थापित किए गए हैं। यूपी से आम अब ब्रिटेन, यूएई, मलेशिया, सिंगापुर, जापान, रूस सहित कई देशों में निर्यात हो रहा है। सीएम योगी ने कहा कि 2017 से शुरू हुआ आम महोत्सव किसानों, निर्यात और ‘वोकल फॉर लोकल’ को मजबूत करने का बड़ा मंच बन चुका है।

