Chitrakoot News: यूपी के ऐतिहासिक गधा मेले में लग रही अमिताभ, शाहरुख, सलमान, आलिया और काजोल की बोली!
Chitrakoot News: उत्तर प्रदेश की धर्मनगरी चित्रकूट (Chitrakoot) इन दिनों पांच दिवसीय दीपदान अमावस्या मेला में लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जगमगा रही है। मंदाकिनी नदी के तट पर दर्शन और पूजन के लिए देशभर से आए भक्तों के बीच एक और आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, ऐतिहासिक गधा मेला, जिसकी परंपरा मुगल बादशाह औरंगजेब के समय से चली आ रही है।
15 हजार गधे, कीमत तीन लाख तक
माना जाता है कि इस मेले की शुरुआत औरंगजेब ने की थी। उस दौर में चित्रकूट (Chitrakoot) के इस मेले से ही उसकी सेना के लिए गधे और खच्चर खरीदे जाते थे। तब से लेकर आज तक यह परंपरा जारी है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और आसपास के अन्य राज्यों से व्यापारी यहां आते हैं और अपने गधों की खरीद-बिक्री करते हैं।
दरअसल इस बार के गधा मेले में लगभग 15,000 गधे पहुंचे हैं। इनकी कीमत 5 हजार रुपये से लेकर तीन लाख रुपये तक लगाई जा रही है। आकर्षण की बात यह है कि गधों को इस बार फिल्मी सितारों और चर्चित हस्तियों के नाम दिए गए हैं। जैसे- अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, सलमान खान, आलिया भट्ट, काजोल और यहां तक कि लॉरेंस बिश्नोई नाम के गधे भी मेले में मौजूद हैं। लोग इन नामों वाले गधों को देखकर खासा उत्साहित दिखाई दे रहे हैं।

तीन दिन में बिके आठ हजार गधे
आपको बताते चलें कि इस मेले के दौरान अब तक करीब आठ हजार गधे बिक चुके हैं। व्यापारी नस्ल, कद-काठी और नाम के आधार पर कीमत तय कर रहे हैं। कई व्यापारी दूर-दराज से आकर इन गधों की जांच-परख कर सौदे कर रहे हैं।
हालांकि, इस ऐतिहासिक मेले की चमक अब फीकी पड़ती जा रही है। सुविधाओं के अभाव में व्यापारी परेशान हैं। मंदाकिनी नदी के किनारे फैली गंदगी, पीने के पानी और छाया की कमी, सुरक्षा के नाम पर नाकाफी इंतजाम, इन सबने इस परंपरा को संकट में डाल दिया है। ठेकेदारों द्वारा अव्यवस्थित वसूली और प्रशासनिक लापरवाही के कारण अब व्यापारी यहां आने से कतराने लगे हैं।
संकट में परंपरा का अस्तित्व
वहीं औरंगजेब काल से चली आ रही यह अनूठी परंपरा आज अस्तित्व के संकट से जूझ रही है। जिस मेले में कभी हजारों व्यापारी भाग लेते थे, वहां अब रौनक घटती जा रही है। यदि प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया, तो आने वाले समय में यह ऐतिहासिक मेला सिर्फ किताबों और यादों तक सिमट कर रह जाएगा।
Also Read: उमाशंकर मर्डर केस: अखंडनगर में पुलिस का ऑपरेशन सफल, दो आरोपी हथियार के साथ गिरफ्तार

