CJP का विजेता दहिया पर एक्शन, बर्गर वाला वीडियो वायरल होने के बाद प्रवक्ता पद से हटाया
CJP Protest: दिल्ली में संसद मार्च और पुलिस कार्रवाई को लेकर जारी विवाद के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के अंदर भी बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। पार्टी ने अपने राष्ट्रीय प्रवक्ता विजेता दहिया (Vijeta Dahiya) को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है। यह फैसला उस समय लिया गया जब सोशल मीडिया पर उनके कथित ‘बर्गर खाते’ हुए वीडियो वायरल हो गए और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच नाराजगी बढ़ गई।
CJP का कहना है कि जिस समय प्रदर्शनकारी पुलिस कार्रवाई का सामना कर रहे थे, उस दौरान इस तरह का व्यवहार आंदोलन की भावना के खिलाफ है। पार्टी ने इसे “बेहद असंवेदनशील” बताते हुए सभी आधिकारिक जिम्मेदारियों से दहिया को मुक्त कर दिया।
बर्गर विवाद के बाद पार्टी का बड़ा एक्शन
CJP ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा कि विजेता दहिया का व्यवहार आंदोलन के मूल्यों और सिद्धांतों के विपरीत है। पार्टी के मुताबिक, जब कार्यकर्ता संसद मार्च के दौरान संघर्ष कर रहे थे, उसी समय सामने आए वीडियो ने संगठन की छवि को नुकसान पहुंचाया।
पार्टी ने स्पष्ट किया कि इस तरह का आचरण स्वीकार नहीं किया जा सकता, इसलिए विजेता दहिया को प्रवक्ता पद से हटाने के साथ-साथ उनकी सभी आधिकारिक जिम्मेदारियां भी वापस ले ली गई हैं।
क्या है पूरा बर्गर विवाद?
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें दावा किया गया कि संसद मार्च के दौरान विजेता दहिया दिल्ली के एक फास्ट-फूड आउटलेट पर बर्गर खाते दिखाई दिए। हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर आलोचना शुरू हो गई।
यूजर्स ने सवाल उठाया कि जब प्रदर्शनकारी लाठीचार्ज और पुलिस कार्रवाई झेल रहे थे, तब पार्टी का प्रवक्ता आंदोलन छोड़कर भोजन करता नजर आया। इसी विवाद के बाद CJP ने उनके खिलाफ कार्रवाई कर दी।
विजेता दहिया ने दी सफाई
विवाद बढ़ने पर विजेता दहिया ने वीडियो जारी कर कहा कि वह संसद मार्च में शामिल थे और मार्च समाप्त होने के बाद वहां से निकले। उन्होंने कहा कि लगातार दो दिनों से सोए नहीं थे और काफी भूखे थे, इसलिए खाना खाने चले गए।
दहिया ने कहा कि लोगों को उनके भोजन पर नहीं, बल्कि आंदोलन में उनके योगदान पर ध्यान देना चाहिए। उनका दावा था कि उन्होंने प्रदर्शन में पूरी सक्रियता से हिस्सा लिया और उसके बाद ही भोजन किया।
Also Read: सोनम वांगचुक को हाई कोर्ट से राहत, मेदांता शिफ्ट करने की मांग हुई मंजूर

