लखनऊ में सस्ते माल का झांसा देकर कारोबारी से ढाई लाख की लूट, 3 गिरफ्तार, 1 आरोपी फरार
Lucknow News: लखनऊ के मदेयगंज थाना क्षेत्र में 2.50 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट की रकम में से 1.92 लाख रुपये बरामद किए हैं। वहीं, वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अनवर अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित महेंद्र कुमार, जो ठाकुरगंज के एकता नगर चौराहे पर दोना-पत्तल और डिस्पोजल सामग्री की दुकान चलाते हैं, को सस्ते दाम पर माल देने का झांसा दिया गया था। आरोपी ने खुद को थोक व्यापारी बताकर 20 जुलाई 2026 को उन्हें 2.50 लाख रुपये लेकर पक्का पुल बुलाया। बाद में उन्हें बंधा रोड, संझिया घाट के पास ले जाकर तीन बदमाशों ने रुपये से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए।
200 से ज्यादा CCTV फुटेज से मिला सुराग
घटना के बाद मदेयगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस उपायुक्त मध्य के निर्देशन में गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास के 200 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान की। 21 जुलाई को पक्का पुल के नीचे गोमती नदी किनारे से मोहन शेख, सोहेल और राकिब को गिरफ्तार कर लिया गया।
पहले भी इसी तरह वारदात करने की बात स्वीकार
पूछताछ में मुख्य आरोपी मोहन शेख ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ दुकानदारों को सस्ते दाम पर सामान देने का झांसा देकर सुनसान जगह बुलाते थे और फिर लूट की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपी अनवर वारदात के दौरान निगरानी कर रहा था और पुलिस पहुंचने पर रुपये की एक गड्डी लेकर भाग निकला। उसके खिलाफ दबिश जारी है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 309(2) और 317(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है।

