हिमाचल के मंडी में बादल फटा, भूस्खलन से मचा हाहाकार, 2 की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में देर रात बादल फटने के बाद भारी बारिश और भूस्खलन ने जमकर तबाही मचाई है। इस घटना में कई गाड़ियां मलबे में दब गईं और फिलहाल दो लोगों की मौत की खबर है, हालांकि प्रशासन ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाओं से मंडी शहर की जीवन रेखा थम सी गई है।

सबसे ज़्यादा नुकसान जेल रोड, जोनल अस्पताल मार्ग और सैंण क्षेत्र में हुआ है। भूस्खलन के कारण कीरतपुर मनाली फोरलेन और पठानकोट मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग भी बंद हो गए हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप पड़ गया है।

मंडी शहर में मलबे का सैलाब

तेज बारिश के बाद मंडी शहर के प्रमुख क्षेत्रों में मलबे का सैलाब उमड़ पड़ा। इस मलबे में कई गाड़ियाँ समा गईं। सैंण क्षेत्र में तो घरों के पास तक मलबा पहुँच गया, जिससे लोग अपने घर छोड़कर भागने को मजबूर हुए। भारी मलबे की चपेट में कई निजी और सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। जेल रोड और सैंण में कई गाड़ियाँ मलबे में पूरी तरह दब चुकी हैं।

कई के दबे होने की आशंका

भूस्खलन वाले इलाकों से लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई है। कुछ लोगों ने दूर की दुकानों और घरों में शरण ली। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह मंजर बेहद भयावह था और कुछ ही पलों में पूरा इलाका मलबे से पट गया। फिलहाल, जेल रोड पर कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है, जिसके आधार पर वहाँ रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

जेसीबी और राहत दल मौके पर पहुँच गए हैं। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है और प्रभावित क्षेत्रों में बचाव कार्य तेजी से जारी है। मंडी के उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि राहत बचाव का काम जारी है और फिलहाल किसी के जानहानि की कोई सूचना नहीं है।

Also Read: क्रिकेटर ने चलाए लात-घूंसे, मारपीट के मामले में दर्ज हुई FIR! दोस्त ने लगाए गंभीर आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.