क्रिकेटर ने चलाए लात-घूंसे, मारपीट के मामले में दर्ज हुई FIR! दोस्त ने लगाए गंभीर आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: बांग्लादेश के स्टार तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद एक विवादित मामले में कानूनी पचड़े में फंसते नजर आ रहे हैं।
उन पर ढाका के मीरपुर मॉडल थाने में एक व्यक्ति के साथ मारपीट और धमकी देने का आरोप लगा है। इस संबंध में पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना मीरपुर मॉडल थाना क्षेत्र में घटी। शिकायतकर्ता सिफातुर रहमान सौरव, जो तस्कीन के बचपन के दोस्त बताए जा रहे हैं, का आरोप है कि तस्कीन ने उन्हें मिलने के लिए बुलाया और वहां घूंसे मारे व धमकियां दीं।

सौरव ने अपनी शिकायत में कहा कि विवाद के दौरान उन्हें लगातार डराया भी गया।
पुलिस का बयान
एक रिपोर्ट के मुताबिक, मीरपुर मॉडल थाना प्रभारी सज्जाद रोमान ने पुष्टि की कि मामला दर्ज कर लिया गया है।
उन्होंने कहा, “हमने शिकायत प्राप्त कर ली है और जांच शुरू कर दी गई है। जैसे-जैसे सबूत सामने आएंगे, वैसे-वैसे उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
क्या बोले तस्कीन अहमद?
घटना के बाद तस्कीन अहमद ने सोशल मीडिया पर चुप्पी तोड़ी। उन्होंने एक फेसबुक पोस्ट में लिखा:
“मैं सबसे आग्रह करता हूं कि अफवाहों पर ध्यान न दें। एक ऐसी घटना चर्चा में है, जिसमें कहा गया कि मैंने अपने बचपन के दोस्त पर हाथ उठाया। यह खबर झूठी और अपमानजनक है — मेरे लिए, मेरे परिवार के लिए और मेरे दोस्त के लिए भी।
हमने आपस में बात कर ली है और सोशल मीडिया पर जो बातें फैल रही हैं, वे हकीकत से बिल्कुल अलग हैं।”
क्रिकेट करियर
गौरतलब है कि तस्कीन अहमद पिछले 11 वर्षों से बांग्लादेश राष्ट्रीय क्रिकेट टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 127 विकेट चटकाए हैं और टीम के भरोसेमंद तेज गेंदबाजों में गिने जाते हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई सबूतों के आधार पर की जाएगी।
Also Read: IND vs ENG: पांचवें टेस्ट से बाहर हुए ऋषभ पंत, इस खिलाड़ी को मिली जगह

