‘हनुमान अंश’ के सिंगर सुनील लोधी की आंखों का इलाज कराएंगे CM मोहन यादव, 1 लाख की सम्मान निधि का ऐलान

Bollywood News: नीम करोली बाबा के जीवन पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ के गाने ‘मैंने तेरे ही भरोसे’ को आवाज देने वाले बुंदेली गायक सुनील लोधी से मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुलाकात की।

सुनील दृष्टिबाधित हैं। सीएम ने उनकी आंखों का इलाज सरकारी खर्च पर कराने और एक लाख रुपये की सम्मान निधि देने की घोषणा की है।

4 सितंबर को सुनील लोधी अपने माता-पिता के साथ भोपाल स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। यहां उन्होंने तंबूरा बजाकर सीएम मोहन यादव को अपना भजन सुनाया।

मुख्यमंत्री ने उनकी गायकी की तारीफ की और कहा कि विशेषज्ञ डॉक्टरों से उनकी आंखों की जांच कराई जाएगी। इसके बाद संभावित इलाज के जरिए रोशनी लौटने की संभावना देखी जाएगी।

hanuman ansh

सीएम ने सुनील की संगीत शिक्षा पूरी कराने में मदद और उन्हें संस्कृति विभाग से जोड़ने का भरोसा भी दिलाया। उन्होंने सोशल मीडिया पर सुनील का भजन गाते हुए वीडियो भी शेयर किया।

‘हनुमान जी की कृपा से मिला मौका’

सुनील लोधी ने मुख्यमंत्री से मुलाकात पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इलाज के बाद उनकी आंखों की रोशनी लौट सकती है।

उन्होंने फिल्म में काम करने का मौका मिलने का श्रेय हनुमान जी की कृपा को दिया।

बता दें कि ‘हनुमान अंश’ को लेकर इन दिनों काफी चर्चा है। फिल्म के गाने ‘मैंने तेरे ही भरोसे’ ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा है, जिसे सुनील लोधी ने अपनी आवाज दी है।

Also Read: Manoj Bajpayee: महात्मा गांधी बने मनोज बाजपेयी, बापू के लुक के लिए घटाया 10 किलो वजन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.