ईद-उल-अजहा पर CM योगी ने दी शुभकामनाएं, प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर जारी किए दिशा-निर्देश
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ईद-उल-अजहा (बकरीद) के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई दी है। अपने संदेश में उन्होंने इस पर्व को सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और भाईचारे को सुदृढ़ करने वाला बताया। मुख्यमंत्री ने लोगों से मिल-जुलकर शांतिपूर्ण और मर्यादित तरीके से त्यौहार मनाने की अपील की।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कुछ अहम निर्देश भी जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति किसी भी प्रकार की नमाज, जुलूस या धार्मिक आयोजन की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नमाज केवल पूर्व निर्धारित स्थलों पर ही अदा की जाए।
दिये ये दिशा निर्देश
सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न हो, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर की ध्वनि सीमित रहेगी और यह परिसर के बाहर नहीं जानी चाहिए।
प्रदेश में सुरक्षा को लेकर भी व्यापक तैयारी की गई है। पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। राज्य के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने सभी जिलों के अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
सहारनपुर, संभल, गोंडा जैसे जिलों में पुलिस बल ने फ्लैग मार्च किया है और गश्त बढ़ा दी गई है। जिला प्रशासन इन इलाकों में नजर बनाए हुए है ताकि बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाया जा सके।

