Lucknow News: बकरीद को लेकर हाई अलर्ट, सुरक्षा-यातायात के व्यापक इंतजाम
Sandesh Wahak Digital Desk: ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व के मद्देनज़र पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं।
पुलिस कमिश्नरेट की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, चंद्रदर्शन के आधार पर इस वर्ष बकरीद 28 मई 2026 को मनाई जाएगी।
पश्चिमी जोन में सुन्नी समुदाय द्वारा टीले वाली मस्जिद पर सुबह 9 बजे और ईदगाह ऐशबाग पर सुबह 10 बजे नमाज अदा की जाएगी, जबकि शिया समुदाय द्वारा पूर्वाह्न 11 बजे से आसिफी मस्जिद, बड़ा इमामबाड़ा में नमाज होगी।
चार जोन और पांच सेक्टर में बांटी गई व्यवस्था
ईद की नमाज के दौरान ईदगाह ऐशबाग और बाजारखाला थाना क्षेत्र की पुलिस व्यवस्था को चार जोन और पांच सेक्टरों में विभाजित किया गया है। शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पश्चिमी लखनऊ में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
1300 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
कानून-व्यवस्था के लिए 6 अपर पुलिस उपायुक्त (ADCP), 14 सहायक पुलिस आयुक्त (ACP), 42 निरीक्षक, 449 उप-निरीक्षक और 635 मुख्य आरक्षी/आरक्षी तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही 6 कंपनी पीएसी, वायरलेस यूनिट और एलआईयू की टीमें भी मौके पर रहेंगी।
यातायात व्यवस्था के लिए अलग से 201 कर्मियों की तैनाती की गई है, जिसमें वरिष्ठ अधिकारी, निरीक्षक, उप-निरीक्षक, मुख्य आरक्षी और होमगार्ड शामिल हैं। कुल मिलाकर 1347 से अधिक पुलिस एवं यातायात कर्मी ड्यूटी पर रहेंगे।
महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान
भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। एंटी रोमियो स्क्वॉड, पिंक पेट्रोल और 112 की टीमें लगातार गश्त कर सतर्क नजर रखेंगी।
CCTV से निगरानी, ट्रैफिक डायवर्जन लागू
टीले वाली मस्जिद, बड़ा इमामबाड़ा, आसिफी मस्जिद और ऐशबाग ईदगाह सहित प्रमुख मार्गों और चौराहों पर 24×7 CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है। साथ ही विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है, जिसकी अलग से यातायात एडवाइजरी जारी की जाएगी।
लखनऊ पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे त्योहार के दौरान शांति बनाए रखें, सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और समय-समय पर जारी यातायात डायवर्जन का पालन करें, ताकि बकरीद का पर्व सुरक्षित और गरिमामय ढंग से संपन्न हो सके।
Also Read: आजमगढ़ से 50 हजारी इनामी गैंगस्टर अब्दुल वाहिद गिरफ्तार

