सीएम योगी ने 11 युवा आइकॉन को किया सम्मानित, लॉन्च की कौशलम पुस्तिका
Lucknow News: उत्तर प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने और युवाओं को हुनरमंद बनाने की दिशा में योगी सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग तथा उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के संयुक्त तत्वावधान में आज लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह कौशल से स्वावलंबन, स्वावलंबन से सम्मान का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कौशल विकास प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया और वहां मौजूद स्टॉल्स का अवलोकन किया। इस दौरान सीएम ने विभाग की उपलब्धियों पर आधारित एक लघु फिल्म का अवलोकन किया और कौशलम पुस्तिका का विमोचन भी किया।

स्किल सिर्फ नौकरी नहीं, राष्ट्र निर्माण का माध्यम है: कपिल देव अग्रवाल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए व्यावसायिक शिक्षा और कौशल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल और कौशल विकास के विजन को उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में धरातल पर उतारा जा रहा है। उत्तर प्रदेश आज कानून-व्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार के मामले में पूरे देश के लिए एक नजीर बन चुका है। हमारा विभाग स्वयं सहायता समूह की बहनों और युवाओं के स्वदेशी उत्पादों (जैसे गोबर से बने गणेश जी) को बाजार दिलाने के लिए लगातार काम कर रहा है। मंत्री ने योगी सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियों के आंकड़े साझा किए।
लाखों को मिला प्रशिक्षण: पिछले 9 वर्षों में प्रदेश के 20 लाख युवाओं को ट्रेनिंग दी गई, जिनमें से 12.50 लाख युवाओं को रोजगार मिला है। वर्ष 2026-27 के लिए 10 लाख युवाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है।
रोजगार के नए कीर्तिमान: बीते 8 वर्षों में यूपी के 60 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिला, जिसमें से अकेले 14,00,992 युवाओं को उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) के जरिए काम मिला है।
बजट में 9 गुना बढ़ोतरी: युवाओं के कौशल को निखारने के लिए विभाग का बजट 9 गुना बढ़ाकर 3310 करोड़ रुपये कर दिया गया है।
टाटा समूह के साथ 7000 करोड़ रुपये का CSR MoU: इस समझौते के तहत प्रदेश की 225 सरकारी आईटीआई (ITI) को अत्याधुनिक तकनीकों से अपग्रेड किया जा रहा है।
भविष्य के एडवांस ट्रेड्स: युवाओं को अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV), 3D प्रिंटिंग और एडवांस CNC जैसे नए युग के कोर्सेज सिखाए जा रहे हैं।
डिजिटल नवाचार: युवाओं को नौकरी के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए ‘ब्लू डॉट सॉफ्टवेयर’ तैयार किया गया है, जहाँ बायोडाटा अपलोड करते ही कंपनियां खुद युवाओं को संपर्क करेंगी। इसके अलावा ‘कौशल दिशा ऑनलाइन पोर्टल’, ‘कौशल दर्पण’ और 24 घंटे काम करने वाला ‘कौशल दोस्त चैटबॉट’ शुरू किया गया है।
प्रोजेक्ट प्रवीण और जीरो पॉवर्टी स्कीम: ‘प्रोजेक्ट प्रवीण’ के तहत कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों व अटल आवासीय विद्यालय के बच्चों को स्किल ट्रेनिंग दी जा रही है। वहीं ‘जीरो पॉवर्टी योजना’ के जरिए अत्यंत निर्धन परिवारों, महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इन 11 युवा आइकॉन को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों सम्मानित होने वाले 11 युवाओं में शीतल कुमारी (वेतन: 25,000 रुपये), नेहा (हमीरपुर), फर्दीन खान (गाजीपुर), मोहम्मद बिलाल (लखनऊ), राजरानी (बरेली- ट्रेनिंग के बाद 27,000 रुपये की जॉब पाकर परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही हैं), वर्तिका गुप्ता (IToT लखनऊ- स्वरोजगार से कमा रहीं 70,000 रुपये), अर्जुन पाल (लखनऊ- स्वरोजगार से कमा रहे 1 लाख रुपये), संगीता वर्मा (गौतमबुद्धनगर- स्वरोजगार से मासिक आय 2 लाख रुपये), शिवांग वर्मा (लखनऊ), राजीव विश्वकर्मा (चंदौली) और विनीता (सुल्तानपुर) शामिल रहे।
युवाओं ने साझा किए अपने अनुभव
शुभ्रा विश्वास (IToT लखनऊ): मुझे आईटीआई में परिवार जैसा माहौल मिला। आज मैं स्वरोजगार के जरिए हर महीने ₹5 लाख कमा रही हूँ और कई युवाओं को 70,000 रुपये तक की सैलरी पर नौकरी दे रही हूँ।
कृष्ण कुमार साहू (आईटीआई, उन्नाव): वर्तमान में कोल इंडिया (NCL) में 1 लाख रुपये प्रति माह की प्रतिष्ठित नौकरी कर रहे हैं।
भावना दुबे (फैशन डिजाइनिंग): घर बैठे स्वरोजगार से 70,000 रुपये से अधिक की मासिक कमाई कर रही हैं। उनका कहना है, हुनर है तो आप कहीं भी सफल हो सकते हैं।
ज्ञान प्रकाश वर्मा (IToT लखनऊ): इन्होंने अपना खुद का हेल्थकेयर स्टार्टअप शुरू किया है, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक की मदद से महिलाओं के स्वास्थ्य पर काम कर रहा है।
कौशलम पुस्तिका का विमोचन
कार्यक्रम के अंत में विमोचित की गई ‘कौशलम’ पुस्तिका के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि इसमें केंद्र सरकार के सफलतम 12 वर्षों के कार्यकाल और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सभी जिलों में किए गए कौशल विकास के बेहतरीन कार्यों का विस्तृत संकलन किया गया है।
Also Read: राम मंदिर में चंदा चोरी पर सतीश महाना के बयान पर कांग्रेस ने घेरा, कहा- चोरों को जेल भेजे सरकार

