निवेशकों के लिए बड़ी खबर, शराब बनाने वाली दिग्गज कंपनी लाने वाली है 6,600 करोड़ का IPO

Carlsberg India IPO: शेयर बाजार में तेजी लौटने के साथ ही आईपीओ बाजार भी फिर रफ्तार पकड़ने लगा है। Jio और NSE जैसे बड़े आईपीओ की चर्चा के बीच अब Carlsberg India भी शेयर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी ने गोपनीय तरीके से आईपीओ के लिए मसौदा दस्तावेज दाखिल किया है और नियामकीय मंजूरी मिलने का इंतजार कर रही है।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, डेनमार्क की शराब निर्माता कंपनी Carlsberg India इस IPO के जरिए करीब 700 मिलियन डॉलर (लगभग 6,665 करोड़ रुपये) जुटाने की योजना बना रही है। बताया जा रहा है कि यह लिस्टिंग सेकेंड्री शेयर सेल के जरिए होगी और इसे साल के अंत तक लॉन्च किया जा सकता है।

सूत्रों के मुताबिक, कंपनी इस प्रस्तावित आईपीओ के लिए Kotak Mahindra Capital, J.P. Morgan और Citigroup की भारतीय इकाइयों के साथ काम कर रही है। हालांकि, आईपीओ का आकार, समय और अन्य शर्तों में मंजूरी से पहले बदलाव संभव हैं।

भारत है कंपनी का बड़ा बाजार

Carlsberg ने वर्ष 2007 में भारतीय बाजार में एंट्री की थी। आज यह देश की दूसरी सबसे बड़ी बीयर कंपनी है और इसकी बाजार हिस्सेदारी करीब 22% बताई जाती है। कंपनी भारत में 14 ब्रुअरीज का संचालन करती है, जिनमें आठ उसके स्वामित्व वाली हैं।

IPO बाजार में बढ़ रही हलचल

हाल के महीनों में भारतीय आईपीओ बाजार में गतिविधियां तेज हुई हैं। प्राइम डेटाबेस के मुताबिक, जून में कई कंपनियों ने रिकॉर्ड रकम जुटाने के उद्देश्य से ड्राफ्ट पेपर दाखिल किए हैं। इनमें Jio Platforms और NSE जैसे बड़े आईपीओ भी शामिल हैं, जो देश के सबसे बड़े पब्लिक इश्यू में शामिल हो सकते हैं।

Also Read: 72 लाख करोड़ के पार पहुंचा भारत का विदेशी कर्ज, RBI रिपोर्ट ने बढ़ाई चिंता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.