जो राम का नहीं, वो हमारे किसी काम का नहीं, CM योगी ने लालू राज की याद दिलाते हुए बोला तीखा हमला

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को वज़ीरगंज विधानसभा क्षेत्र में धुआंधार प्रचार किया। उन्होंने जहाँ एक ओर गया की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता बताई, वहीं दूसरी ओर राजद-कांग्रेस गठबंधन पर राम मंदिर और जंगलराज को लेकर करारा प्रहार किया।

सीएम योगी ने लालू प्रसाद यादव के शासनकाल पर हमला बोलते हुए कहा कि 2005 से पहले बिहार में अपराध, 60 से अधिक जातीय नरसंहार, 30 हज़ार से अधिक अपहरण होते थे। व्यापारी, डॉक्टर, इंजीनियर, संभ्रांत व्यक्ति सुरक्षित नहीं थे। बिहार के 30-40% लोगों की आबादी गोरखपुर और वाराणसी में है, क्योंकि उस समय जंगलराज था। उन्होंने कहा कि नीतीश बाबू के नेतृत्व में पिछले 20 वर्षों में सुशासन की सुदृढ़ नींव रखी गई है।

CM Yogi Adityanath

रामद्रोही रामराज्य नहीं ला सकता

सीएम योगी ने राम मंदिर और हिंदुत्व के मुद्दे पर राजद-कांग्रेस गठबंधन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में कहा था कि राम हुए ही नहीं, जैसे लगता है कि कांग्रेस का ही खानदान पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि राजद ने राम मंदिर के रथ को रोक दिया था और सपा ने रामभक्तों पर गोली चलाकर अयोध्या को लहूलुहान कर दिया। उन्होंने सीधे मतदाताओं से कहा, जो राम का नहीं, वह हमारे किसी काम का नहीं। जो रामद्रोही है, वह हमारा भी विरोधी है। रामद्रोही रामराज्य नहीं ला सकता, वह जंगलराज ही लाएगा।

उन्होंने कहा कि यूपी में भाजपा सरकार मंदिरों और तीर्थों के सौंदर्यीकरण पर पैसा खर्च कर रही है, जबकि सपा सरकार में यही पैसा कब्रिस्तान की बाउंड्री के लिए दिया जाता था। सीएम योगी ने केंद्र सरकार की विकास योजनाओं को गिनाया और राजद-कांग्रेस के वादों को झूठा बताया। उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा, पहले यह पशुओं का चारा खाए, अब अवसर दिया तो गरीबों का राशन खा जाएंगे।

Also Read: Balrampur News: CRM टीम ने डीएम से की मुलाकात, स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति पर जताया संतोष

Get real time updates directly on you device, subscribe now.