UP के 5100 किसानों को बड़ी सौगात की तैयारी, CM Yogi दे सकते हैं प्लॉट आवंटन पत्र
UP News: यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र के किसानों के लिए बड़ी राहत की तैयारी चल रही है। विकास परियोजनाओं के लिए अपनी जमीन देने वाले करीब 5,100 किसानों को जल्द ही 7 प्रतिशत आबादी भूखंड के आवंटन पत्र मिल सकते हैं। प्राधिकरण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) के हाथों इन किसानों को आवंटन पत्र दिलाने की योजना पर काम कर रहा है और इसके लिए मुख्यमंत्री कार्यालय से समय मांगा गया है।
हालांकि अभी तक कार्यक्रम की तारीख तय नहीं हुई है, लेकिन प्राधिकरण का कहना है कि अनुमति मिलते ही आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
11 हजार से ज्यादा किसान सूची में
यीडा के सीईओ आर.के. सिंह के अनुसार, भूलेख विभाग ने 31 गांवों के 11,211 किसानों के लिए 7 प्रतिशत आबादी भूखंड आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इनमें से 7,035 किसानों को आरक्षण पत्र जारी किए जा चुके हैं, जबकि 4,176 किसानों के भूखंड विभिन्न सेक्टरों में नियोजित किए जा चुके हैं।
सेक्टर-25 में अट्टा गुजरान, गुनपुरा, मथुरापुर, मूंजखेड़ा, औरंगपुर, बेला कलां, सलारपुर और फतेहपुर अट्टा के किसानों के लिए भूखंड विकसित किए जा चुके हैं। वहीं सेक्टर-17 में धनौरी और सेक्टर-22डी में खेरली भाव गांव के किसानों के भूखंड भी तैयार हैं। हालांकि 20 से अधिक गांवों में अभी भूखंड विकसित होने बाकी हैं।
प्राधिकरण की 90वीं बोर्ड बैठक में भी रबूपुरा, तिरथली, मुरादगढ़ी, कुरैब, दनकौर, म्याना, मकसूदपुर, थोरा, मिर्जापुर, मोहम्मदाबाद खेड़ा और उटरावली समेत कई गांवों के 4,176 किसानों की सूची के प्रकाशन की जानकारी दी गई थी।
लंबे समय से कर रहे थे मांग, अब कार्यक्रम का इंतजार
आबादी भूखंड की मांग किसान लंबे समय से उठाते रहे हैं। जमीन से जुड़े विवाद और अन्य प्रशासनिक कारणों की वजह से यह मामला लंबे समय तक अटका रहा। कई किसानों को आरक्षण पत्र मिलने के बावजूद अब तक भूखंडों पर कब्जा नहीं मिल सका। इस दौरान कुछ मामलों में कब्जा दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप भी सामने आए थे।
अब प्राधिकरण का दावा है कि करीब 5,100 किसानों को एक साथ आवंटन पत्र देने की तैयारी पूरी की जा रही है। इसके लिए मुख्यमंत्री कार्यालय से समय मांगा गया है। अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से क्षेत्र में आवासीय गतिविधियों को गति मिलेगी और औद्योगिक विकास के साथ बसावट भी तेजी से बढ़ेगी।
यीडा के सीईओ आर.के. सिंह ने कहा कि 5,100 किसानों को आबादी भूखंड के आवंटन की योजना पर काम चल रहा है और CM Yogi के कार्यक्रम के लिए अनुरोध भेजा गया है।

