विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर बोले सीएम योगी, यह मात्र एक तारीख नहीं, एक त्रासदी है
Sandesh Wahak Digital Desk: आज 14 अगस्त को पूरा देश ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मना रहा है। यह दिन उन लाखों लोगों के संघर्ष, पीड़ा और बलिदान को याद करने का है, जिन्होंने 1947 में देश के विभाजन का दर्द झेला था। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 14 अगस्त की तारीख को ‘एक त्रासदी’ बताया।
नफरत की नीतियों ने भारत को बांटने का षड्यंत्र रचा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, भारतीय इतिहास में 14 अगस्त मात्र एक तारीख नहीं, एक त्रासदी है। उन्होंने कहा कि इसी दिन नफरत और कट्टरता की नीतियों ने भारत को बांटने की साजिश रची थी, जिसके कारण दंगे हुए और लाखों निर्दोषों की जान गई। उन्होंने उन सभी विस्थापितों और पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी।
नेताओं ने किया शहीदों को नमन
इस मौके पर कई अन्य नेताओं ने भी अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस दिन को ‘भारत के इतिहास की सबसे हृदयविदारक त्रासदी’ बताया। उन्होंने कहा कि यह दिन उन बलिदानियों को याद करने का है, जिन्होंने अपना घर, परिवार और पहचान तक खो दी।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ पर उन सभी दिवंगत आत्माओं को नमन किया। उन्होंने कहा कि यह घटना सिर्फ इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि हमारी राष्ट्रीय चेतना में अंकित एक शाश्वत पीड़ा है।
Also Read: Kanpur News: ग्रामीणों का घटिया सड़क निर्माण पर हंगामा, काम रोका, भ्रष्टाचार का आरोप

