यूपी की आंगनबाड़ी बहनों को CM योगी देंगे सौगात, कल बटेंगे स्मार्टफोन और नियुक्ति पत्र
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की बाल विकास एवं पुष्टाहार सेवाओं को हाईटेक बनाने और महिला सशक्तिकरण को नई उड़ान देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को ‘पिटारा’ खोलने जा रहे हैं। 30 मार्च को राजधानी के लोकभवन सभागार में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में सीएम योगी प्रदेश की हजारों आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन, आधुनिक मेडिकल उपकरण और नियुक्ति पत्रों की सौगात देंगे।
डिजिटल क्रांति: 69,794 स्मार्टफोन का वितरण
विभाग की डायरेक्टर सरनीत कौर ब्रोका के अनुसार, प्रदेश में डेटा संग्रहण और योजनाओं की सटीक निगरानी के लिए मुख्यमंत्री 69,794 स्मार्टफोन वितरण की प्रक्रिया का शुभारंभ करेंगे।
स्मार्ट मॉनिटरिंग: इससे आंगनबाड़ी केंद्रों की डिजिटल फीडिंग आसान होगी।
ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस: बच्चों के स्वास्थ्य की सटीक जांच के लिए 1.33 लाख स्टैडियोमीटर, 10,553 इन्फैंटोमीटर और 58,237 वेटिंग स्केल वितरित किए जाएंगे।
मिशन रोजगार: 15,203 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र
नियुक्ति पत्र: मुख्यमंत्री स्वयं 10 नवचयनित कार्यकत्रियों को पत्र सौंपेंगे।
प्रदेशव्यापी वितरण: कुल 46 जिलों में जनप्रतिनिधियों के माध्यम से 739 कार्यकत्रियों और 42 जिलों में 15,203 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
आंगनबाड़ी केंद्रों का ‘कायाकल्प’
बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री करोड़ों की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।
नया डिजाइन: प्रति भवन लगभग 30.32 लाख रुपये की लागत वाले आंगनबाड़ी केंद्रों के नए डिजाइन का विमोचन होगा।
शिलान्यास: ₹137 करोड़ की लागत से 633 केंद्रों और 71 बाल विकास परियोजना कार्यालयों का निर्माण शुरू होगा।
लोकार्पण: ₹313 करोड़ से तैयार 2,468 आंगनबाड़ी केंद्रों और 69 कार्यालयों का उद्घाटन कर उन्हें जनता को समर्पित किया जाएगा।

