तटरक्षक बल और गुजरात ATS ने पकड़ी तीन हजार करोड़ रुपये की ड्रग्स
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय तटरक्षक बल (ICG) और गुजरात एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (ATS) ने अरब सागर में एक संयुक्त और साहसिक कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। लक्षद्वीप के पश्चिमी समुद्री क्षेत्र में चलाए गए इस विशेष ऑपरेशन के दौरान 3,000 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की नशीली दवाओं की खेप जब्त की गई। इस कार्रवाई में पाकिस्तान से संबंध रखने वाले 5 तस्करों को भी पकड़ा गया है, जिससे सीमा पार से प्रायोजित नशे के कारोबार को करारा झटका लगा है।
ईरानी नौका और 5 पाकिस्तानी तस्कर
पक्की खुफिया सूचना और लगातार की जा रही हवाई व समुद्री निगरानी के दम पर तटरक्षक बल ने 25 सितंबर 2026 को एक संदिग्ध ईरानी बोट को समंदर में घेर लिया। तलाशी लेने पर नाव से लगभग 526 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन और मेथामफेटामाइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3,000 करोड़ रुपये आंकी गई है। बोट को नियंत्रित कर रहे सभी 5 पाकिस्तानी नागरिकों को हिरासत में ले लिया गया है।
पकड़ी गई नौका, जब्त ड्रग्स और गिरफ्तार तस्करों को आगे की कानूनी प्रक्रिया व विभिन्न जांच एजेंसियों द्वारा गहन पूछताछ के लिए मुंबई लाया गया है। एरियल सर्विलांस और ह्यूमन इंटेलिजेंस के साझा इनपुट पर आधारित यह ऑपरेशन देश के समुद्री सीमाओं की सुरक्षा और ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को दर्शाता है। नशीले पदार्थों की बिक्री से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों व हथियारों की खरीद में किया जाता था, जिस पर इस कार्रवाई से सीधी चोट पहुंची है।
Also Read: INDIA गठबंधन की बैठक से पहले दिल्ली की सड़कों पर लगे तीखे कटाक्ष वाले पोस्टर्स

