INDIA गठबंधन की बैठक से पहले दिल्ली की सड़कों पर लगे तीखे कटाक्ष वाले पोस्टर्स
Sandesh Wahak Digital Desk: राष्ट्रीय राजधानी में INDIA ब्लॉक की अहम बैठक आयोजित होने से ठीक पहले राजनीतिक हलचल तेज़ हो गई है। सेंट्रल दिल्ली और लुटियंस ज़ोन के मुख्य रास्तों और गोलचक्करों पर विपक्षी नेताओं, खासकर कांग्रेस और प्रमुख चेहरों को घेरते हुए बड़े-बड़े पोस्टर और होर्डिंग्स लगाए गए हैं। यह वाकया ऐसे मोड़ पर सामने आया है, जब विपक्षी दल वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण (SIR), चुनावी गड़बड़ियों और भविष्य की साझेदारियों को लेकर मंथन में जुटने वाले हैं।
पुराने बयानों से साधा निशाना
सेंट्रल दिल्ली की सड़कों पर दिखे इन होर्डिंग्स के ज़रिये विपक्षी खेमे की अंदरूनी कलह और विरोधाभासी बयानों को ही हथियार बनाया गया है। पोस्टरों में गठबंधन के ही सहयोगी दलों के उन तीखे बयानों को उजागर किया गया है जो उन्होंने पूर्व में एक-दूसरे और कांग्रेस के खिलाफ दिए थे। इनके ज़रिये यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि बैठकों में दिखने वाली एकजुटता केवल दिखावा है और अंदरूनी मतभेद अब भी कायम हैं।
इस सियासी हमले के बीच आज होने वाली विपक्षी बैठक को बेहद महत्त्वपूर्ण माना जा रहा है। विपक्षी दल दिल्ली के बेला स्टेट बस्ती सहित कई इलाकों में वोटर लिस्ट पुनरीक्षण के नाम पर कथित रूप से नाम हटाए जाने को लेकर चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ साझा मोर्चा खोलने के मूड में हैं। इसके अलावा, मुख्य चुनाव आयुक्त से इस्तीफे की मांग और सड़क से संसद तक राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन की योजना पर सभी घटकों के बीच सहमति बनाने की तैयारी है। सड़कों पर अचानक शुरू हुए इस पोस्टर वॉर ने बैठक से पूर्व ही राजधानी के राजनीतिक पारे को और बढ़ा दिया है।
Also Read: लखनऊ: मलिहाबाद में किसान की हत्या, डाला चढ़ाकर कुचला, शव रखकर ग्रामीणों का प्रदर्शन

