Prayagraj में प्रतियोगी छात्र की मौत, सुसाइड नोट में लिखा – ‘वह अब मुझसे बात नहीं करती..’

Prayagraj News: प्रयागराज के शिवकुटी थाना क्षेत्र स्थित गोविंदपुर इलाके में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 24 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। छात्र का शव उसके किराये के कमरे में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मूल रूप से बस्ती जिले के रहने वाले शुभम वर्मा पिछले करीब एक वर्ष से गोविंदपुर के भुलाई का पुरवा इलाके में किराये पर रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। डिप्लोमा करने के बाद वह जूनियर इंजीनियर (JE) भर्ती परीक्षा की तैयारी में जुटे थे।

दोस्त ने दी सूचना, कमरे से मिला नोट

बताया गया कि बृहस्पतिवार शाम शुभम से संपर्क न होने पर उनका एक दोस्त कमरे पर पहुंचा। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया, जहां छात्र का शव मिला।

जांच के दौरान पुलिस को कमरे से एक पन्ने का नोट भी मिला। नोट में एक महिला मित्र से जुड़े व्यक्तिगत संबंधों और उससे उपजी मानसिक परेशानी का जिक्र किया गया है। साथ ही लिखा है कि महिला मित्र अब उनसे बात नहीं करती और किसी अन्य युवक को पसंद करने लगी है।

परिवार में मचा कोहराम

शुभम दो भाइयों में छोटे थे। उनके पिता मानिक राम वर्मा किसान हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Prayagraj के शिवकुटी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मौके से एक नोट बरामद हुआ है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

Also Read: Prayagraj: 5 लाख दहेज न मिला तो ससुराल वालों ने बहू को घर से निकाला, मुकदमा दर्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.