संसद मार्च के बाद कांग्रेस का बड़ा ऐलान, गिरफ्तार छात्रों को मिलेगी कानूनी मदद
Rahul Gandhi: नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं, शिक्षा व्यवस्था और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए ‘चलो संसद’ मार्च के बाद कांग्रेस ने बड़ा कदम उठाया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने घोषणा की है कि प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार, घायल या कथित पुलिस कार्रवाई से प्रभावित सभी युवाओं को पार्टी की विशेष लीगल टीम मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध कराएगी।
जयराम रमेश ने दी जानकारी, साझा किए वकीलों के संपर्क
कांग्रेस महासचिव एवं संचार प्रभारी जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने प्रभावित छात्रों और उनके परिवारों से पार्टी की लीगल टीम से संपर्क करने की अपील की। AICC ने वकीलों के संपर्क और एक गूगल फॉर्म भी जारी किया है, ताकि छात्र और उनके परिजन अपनी जानकारी साझा कर सकें। पार्टी का कहना है कि जरूरत पड़ने पर वकीलों की टीम प्रभावित परिवारों तक भी पहुंचेगी।
राहुल-प्रियंका ने अस्पताल पहुंचकर छात्रों से की मुलाकात
इससे पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल पहुंचकर लाठीचार्ज में घायल छात्रों से मुलाकात की। कांग्रेस ने इसका वीडियो भी साझा किया और आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज को बल प्रयोग से दबाया जा रहा है।
राहुल गांधी ने कहा कि पुलिस कार्रवाई के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को माफी मांगनी चाहिए तथा इस्तीफा देना चाहिए। वहीं, प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि विपक्ष को सदन में इस मुद्दे पर बोलने का अवसर नहीं दिया गया और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तत्काल इस्तीफे की मांग दोहराई।
Also Read: PM आवास के बाहर पहली बार धरने पर बैठे राहुल गांधी, प्रियंका और खरगे भी हुए शामिल

