सपा में शामिल होते ही कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के दामाद ने पत्नी का शुरू किया उत्पीड़न, हमजा ने लगाए गंभीर आरोप
Saharanpur News: सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के दामाद शायान मसूद के समाजवादी पार्टी में शामिल होने के महज तीन दिन बाद मसूद परिवार की अंदरूनी कलह सार्वजनिक हो गई है। राजनीतिक मतभेद अब पारिवारिक आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गए हैं। शनिवार को इमरान मसूद के भतीजे हमजा नोमान मसूद ने फेसबुक लाइव के जरिए अपने बहनोई शायान मसूद और उनके पिता शादान मसूद पर गंभीर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं।
5 साल से चुप था परिवार, अब सड़क पर आई बात
हमजा मसूद ने आरोप लगाया कि उनकी बहन सुबिया मसूद के साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई तथा उन्हें घर से निकाल दिया गया। हमजा का दावा है कि परिवार पिछले पांच वर्षों से रिश्तेदारी और सामाजिक मर्यादा की वजह से खामोश था, लेकिन अब बहन के साथ हुई ज्यादती के बाद चुप रहना संभव नहीं था। उन्होंने कहा कि उनके पास कई ऑडियो और वीडियो सबूत मौजूद हैं, जिन्हें जरूरत पड़ने पर सार्वजनिक किया जाएगा।
राजनीतिक वजहों से बहन की जिंदगी खराब करने का दावा
हमजा ने आरोप लगाया कि उनकी बहन का जीवन राजनीतिक वजहों से प्रभावित हुआ है। अब उनकी बहन और उनके एक साल के बच्चे की पूरी जिम्मेदारी उनका परिवार उठाएगा। हमजा ने यह भी दावा किया कि उनके पास ऐसी रिकॉर्डिंग हैं, जिनमें इमरान मसूद और उनके परिवार को राजनीतिक रूप से रास्ते से हटाने की बातें कही गई हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
शायान मसूद का पलटवार, राजनीतिक लड़ाई मैदान में लड़ें
गंभीर आरोपों के बीच शायान मसूद ने भी अपना पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि अगर कोई राजनीतिक मतभेद है, तो उसका सामना मैदान में किया जाना चाहिए, न कि परिवार के निजी मामलों को सार्वजनिक मंचों पर घसीटकर। शायान ने कहा कि कहने को उनके पास भी बहुत कुछ है, लेकिन वे परिवार की मर्यादा बनाए रखना चाहते हैं।
सपा में शामिल होने के बाद से गरमाई थी सियासत
गौरतलब है कि बीते 20 अगस्त को शायान मसूद ने कांग्रेस छोड़कर समाजवादी पार्टी की सदस्यता ली थी। लखनऊ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया था। सपा में शामिल होते ही शायान ने इमरान मसूद के राजनीतिक रुख पर सवाल उठाए थे और कहा था कि भाजपा को हराने के लिए अखिलेश यादव का नेतृत्व जरूरी है। इसी राजनीतिक उथल-पुथल के बीच अब पारिवारिक विवाद भी खुलकर सामने आ गया है।

