Bareilly News: घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला करने में 3 महिलाओं समेत 4 गिरफ्तार

Bareilly News: बरेली जनपद के थाना शाही क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम लमकन (उर्फ चकरपुर) में दिल्ली पुलिस की दबिश के बाद दो पक्षों के बीच भीषण हिंसा, मारपीट और फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए शाही थाना पुलिस ने अवैध तमंचे के साथ मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में संलिप्त 3 महिला आरोपियों को भी हिरासत में ले लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, 22 अगस्त को लमकन निवासी वादी तसब्बुर (पुत्र अमजद अली) के गांव में दिल्ली पुलिस की एक टीम फाजिल (पुत्र अहमद रफी उर्फ बब्बू) की तलाश में दबिश देने आई थी। हालांकि, पुलिस को बब्बू के घर पर कोई नहीं मिला और टीम वापस लौट गई। इसके बाद, शाम लगभग 4:00 बजे आरोपी पक्ष के फाजिल, उवैश, मनसव, अहमद रफी, सईद, नफीस, नजमुल, उद, मुस्कान, सोना, तबस्सुम और नाजरा एक राय होकर वादी के बेटे मुकीम के मेडिकल स्टोर पर पहुंचे। वहां वादी का बेटा मुकीम और उसके साथ मोनिश मौजूद थे। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए दोनों के साथ मारपीट की और मेडिकल स्टोर में तोड़फोड़ मचाई।

जान बचाकर जब मुकीम और मोनिश घर भागे, तो आरोपी पीछा करते हुए वादी के घर में जबरन घुस गए। आरोप है कि हमलावरों ने वादी की पत्नी नन्ही और बेटे मुकीम को जमीन पर गिराकर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। जब वादी ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो उनके साथ भी मारपीट की गई।

इसी दौरान आरोपी सईद और फाजिल ने जान से मारने की नीयत से वादी व उनके परिवार पर फायर झोंक दिया। राहत की बात यह रही कि वादी और उनका परिवार इस जानलेवा हमले में बाल-बाल बच गए।

वादी की तहरीर पर थाना शाही में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के अगले दिन, रविवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए सईद (उम्र 40 वर्ष) को ग्राम कनूनगला के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा और 2 जिंदा कारतूस बरामद हुए, जिसके आधार पर मुकदमे में धारा 3/25 आयुध अधिनियम की बढ़ोतरी की गई। वहीं आरोपियों के मकान पर दबिश देकर तीन महिला आरोपियों सोना (उम्र 35 वर्ष), तबस्सुम (उम्र 40 वर्ष), और नाजरा (उम्र 45 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से घटना में प्रयुक्त बांस के डंडे बरामद किए गए हैं।

पूछताछ में मुख्य आरोपी सईद ने स्वीकार किया कि उसने यह अवैध तमंचा करीब 6 महीने पहले एक अज्ञात व्यक्ति से खरीदा था। वहीं, गिरफ्तार महिलाओं ने बताया कि गांव में झगड़े के बाद उन्होंने गुस्से में आकर पीड़ित परिवार के साथ मारपीट की थी। शाही थाना पुलिस द्वारा सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में नामजद अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और दबिश दी जा रही है।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: सपा में शामिल होते ही कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के दामाद ने पत्नी का शुरू किया उत्पीड़न, हमजा ने लगाए गंभीर आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.