बाराबंकी में विवादित होर्डिंग से सियासी हलचल, सपा नेताओं ने किया विरोध-प्रदर्शन
Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के विवादित होर्डिंग लगाए जाने से पूरे प्रदेश में सियासी माहौल गरमा गया है। इन होर्डिंगों में दोनों नेताओं को मुस्लिम टोपी पहने हुए दिखाया गया है, जिसके साथ आपत्तिजनक नारा ‘दिल में बाबर, मुंह में राम’ लिखा है।
सपा कार्यकर्ताओं ने फाड़कर हटाए पोस्टर
जानकारी मिलते ही सपा नेता ताज बाबा राईन अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने तुरंत विवादित होर्डिंग और पोस्टर फाड़कर हटा दिए। इस घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सपा नेताओं ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी है, हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये होर्डिंग कब और किसने लगाए हैं।
बाराबंकी के विभिन्न चौराहों और Uni Poll पर सपा अध्यक्ष @yadavakhilesh और दिवंगत नेता मुलायम सिंह यादव के खिलाफ अयोध्या राम मंदिर प्रकरण पर लगाए गए विवादित पोस्टर, हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़ाने, कारसेवकों पर गोली चलवाने की चर्चा पोस्टर में अखिलेश से माफी मांगने की कही गई बात राममंदिर… pic.twitter.com/AV23VRtNd1
— Barabanki News (@BBKNews) July 14, 2026
राम मंदिर-हनुमानगढ़ी मुद्दों पर बयानों का जिक्र
बाराबंकी के कई चौराहों पर ये पोस्टर लगाए गए हैं। इनमें राम मंदिर प्रकरण, हनुमानगढ़ी के बाहर नमाज पढ़ने, कारसेवकों पर गोली चलवाने जैसे संवेदनशील मुद्दों को उठाया गया है। पोस्टरों में अखिलेश यादव से माफी मांगने की बात भी कही गई है। साथ ही, राम मंदिर को लेकर मुलायम सिंह यादव, राम गोपाल यादव और शिवपाल यादव के पुराने बयानों का भी जिक्र किया गया है। बताया जा रहा है कि बाराबंकी के अलावा लखनऊ, सीतापुर, अयोध्या सहित कई अन्य जिलों में भी इसी तरह के पोस्टर लगाए गए हैं। इससे साफ है कि यह अभियान बड़े स्तर पर चलाया गया है।
विधानसभा चुनाव से पहले तेज हुआ पोस्टर वॉर
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने हैं, जिसके चलते सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेता नए-नए मुद्दों को लेकर एक-दूसरे पर हमलावर हैं। पोस्टर वॉर इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जो चुनावी माहौल को और गरमाने वाला है। पुलिस अब होर्डिंग लगाने वालों के बारे में पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि इस पूरे मामले का खुलासा किया जा सके।
Also Read: Ghaziabad News: पुलिस बूथ पर मदद मांगने आए युवक की कटी नस, महिला पुलिसकर्मी के सामने तोड़ा दम

