लखनऊ में बढ़ा कोरोना का खतरा, 24 घंटे में 8 नए मामले, KGMU की डॉक्टर और छात्र शामिल
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कोरोना संक्रमण एक बार फिर से दस्तक दे रहा है। बीते 24 घंटों में शहर में कोविड-19 के 8 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) की एक रेजिडेंट डॉक्टर और MBBS तृतीय वर्ष के एक छात्र का नाम भी शामिल है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 8 नए संक्रमितों में 2 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं, जिनमें 2 बुजुर्ग मरीज भी हैं। इसके साथ ही लखनऊ में अब तक कुल 22 कोरोना मरीजों की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें से 18 केस एक्टिव हैं। सोमवार को भी राजधानी में 4 मामले सामने आए थे, जिनमें SGPGI के एक डॉक्टर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
KGMU की गायनी ऑन्कोलॉजी विभाग में कार्यरत सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर की कोविड रिपोर्ट मंगलवार को पॉजिटिव आई। उन्हें पिछले शुक्रवार से बुखार और जुकाम की शिकायत थी। रिपोर्ट आने के बाद वह अपने गृह जिले लखीमपुर खीरी चली गईं। वहीं, KGMU के MBBS तृतीय वर्ष के छात्र की रिपोर्ट भी पॉजिटिव पाई गई है।
इसके अलावा, इंदिरा नगर के मयूर विहार कॉलोनी में रहने वाले 61 वर्षीय बुजुर्ग भी संक्रमित मिले हैं। खास बात यह है कि बुजुर्ग की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है, लेकिन उन्हें दिल की गंभीर बीमारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी कोरोनरी आर्टरी में 50% ब्लॉकेज है। फिलहाल वह होम आइसोलेशन में हैं, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी है।
राज्य भर में 67 नए मामले
मंगलवार को उत्तर प्रदेश में कुल 67 नए कोरोना मरीज सामने आए। राज्य भर में इस दौरान 182 सैंपल की जांच की गई, जिनमें सबसे ज्यादा गौतमबुद्ध नगर में 54 मामले, गाजियाबाद में 3, हापुड़ में 2, जबकि कानपुर, मेरठ, बिजनौर और अलीगढ़ में एक-एक मरीज की पुष्टि हुई। लखनऊ में इस दौरान कुल 4 पॉजिटिव केस दर्ज किए गए।
राज्य में अब कुल 229 एक्टिव केस हैं। राहत की बात यह है कि पिछले 24 घंटे में 63 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज भी हुए हैं। सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए नई गाइडलाइंस जारी की हैं और लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है।
Also Read: वायरल वीडियो पर BJP का कड़ा एक्शन, गोंडा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप पार्टी से निष्कासित

