UP में बाल अश्लील कंटेंट पर शिकंजा, महाराजगंज से कानपुर तक पुलिस का बड़ा एक्शन

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में पुलिस ने बाल अश्लील फोटो और वीडियो से जुड़े एक ऑनलाइन नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। साइबर क्राइम थाना और सिंदुरिया पुलिस की संयुक्त टीम ने इस मामले में चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी टेलीग्राम और एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर फर्जी आईडी बनाकर बाल अश्लील सामग्री साझा करते थे और उससे अवैध कमाई कर रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश शर्मा, अरुण गौड़, अनुज पटेल और दिनेश गौड़ के रूप में हुई है। इनके पास से चार मोबाइल फोन, एक डेस्कटॉप, सीपीयू, फर्जी आधार कार्ड और आपत्तिजनक सामग्री से जुड़े स्क्रीनशॉट बरामद किए गए हैं। सभी के खिलाफ बीएनएस, आईटी एक्ट और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

कानपुर में गूगल अलर्ट से आरोपी तक पहुंची पुलिस

उधर कानपुर के चमनगंज इलाके में एक 23 वर्षीय जनरल स्टोर संचालक को बच्चियों के अश्लील वीडियो बनाने और उन्हें गूगल ड्राइव में छिपाकर रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपनी चचेरी बहन समेत रिश्तेदारों और आसपास की मासूम बच्चियों के नहाते समय चोरी-छिपे वीडियो बनाए थे।

गूगल के सुरक्षा सिस्टम ने संदिग्ध सामग्री की पहचान कर संबंधित पोर्टल पर अलर्ट भेजा। इसके बाद साइबर टीम ने मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और आईएमईआई के जरिए आरोपी को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया।

15 वीडियो मिले, जांच जारी

एडीसीपी क्राइम अंजलि विश्वकर्मा ने बताया कि आरोपी के मोबाइल और गूगल ड्राइव से 15 आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं। शुरुआती जांच में कुछ वीडियो में आरोपी बच्चियों के साथ गलत हरकत करते हुए भी दिखाई दिया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं ये वीडियो किसी वेबसाइट, सोशल मीडिया या अन्य प्लेटफॉर्म पर साझा तो नहीं किए गए थे।

Also Read : Unnao News: डंपर से टक्कर के बाद नीचे उतरे यात्री, ड्राइवर ने आगे बढ़ाई बस, 3 की मौत 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.