16 साल की नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में टीवी एक्टर गिरफ्तार, POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज
Mumbai News: टीवी अभिनेता रोहित चंदेल को 16 वर्षीय नाबालिग लड़की से कथित छेड़छाड़, पीछा करने, बार-बार फोन कर परेशान करने और मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने उनके खिलाफ POCSO (प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेज) एक्ट समेत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।
29 वर्षीय रोहित चंदेल टीवी धारावाहिक ‘पांड्या स्टोर’ में धवल मकवाना और ‘काशीबाई बाजीराव बल्लाल’ में बाजीराव की भूमिका निभा चुके हैं। हाल ही में वह टीवी शो ‘सैराब’ में भी नजर आए थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहित चंदेल को 10 जुलाई को दहिसर स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया गया।
इसके बाद उन्हें विशेष POCSO अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

क्या हैं आरोप?
शिकायत के अनुसार, आरोपी अभिनेता ने कथित तौर पर नाबालिग लड़की को अपने मोबाइल नंबर और अन्य नंबरों से बार-बार फोन कर परेशान किया।
आरोप है कि 5 जुलाई को उन्होंने पीड़िता का उसके आवास के पास पीछा किया, रास्ता रोका, बहस की, गाली-गलौज की और उसके साथ मारपीट भी की।
पुलिस का कहना है कि आरोपी और पीड़िता एक-दूसरे को पहले से जानते थे।
POCSO समेत कई धाराओं में मामला दर्ज
पंत नगर पुलिस ने रोहित चंदेल के खिलाफ POCSO एक्ट के अलावा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78 (पीछा करना) और धारा 115(2) (चोट पहुंचाने से संबंधित प्रावधान) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
अभिनेता की ओर से नहीं आया कोई बयान
अब तक रोहित चंदेल या उनकी टीम की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: शेखर सुमन की फिल्म अकादमी के को-फाउंडर धर्मेश संगानी पर ED का छापा

