‘दंगा किया तो बाप-दादाओं की संपत्ति से भी होगी वसूली’, बरेली से CM योगी की उपद्रवियों को चेतावनी
CM Yogi Adityanath in Bareilly: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली से दंगाइयों और उपद्रवियों को सख्त संदेश दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि दंगा करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। जरूरत पड़ी तो बाप-दादाओं की कमाई से भी नुकसान की भरपाई कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह संदेश ऐसे समय दिया है, जब प्रदेश में शारदीय नवरात्रि के साथ दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ जैसे त्योहारों की तैयारियां चल रही हैं।
योगी आदित्यनाथ ने साफ कहा कि त्योहारों के उत्साह में खलल डालने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई का जिक्र करते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया।
प्रदर्शन और उपद्रव को लेकर भी चर्चा
CM Yogi के बयान को हाल के राजनीतिक प्रदर्शनों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन हुए हैं। वहीं, लखनऊ, बरेली समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन किया है। इन घटनाओं के बीच मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से वसूली किए जाने की चेतावनी दोहराई।
बोले, 2017 से पहले त्योहारों पर शुरू हो जाते थे उपद्रव
मुख्यमंत्री (CM Yogi) ने प्रदेश में सुरक्षा के माहौल का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश बदल चुका है और लोग अब बेझिझक घरों से बाहर निकल सकते हैं। उन्होंने बरेली का उदाहरण देते हुए कहा कि 2017 से पहले यहां कोई पर्व या त्योहार आता था तो उपद्रव शुरू हो जाता था और लोग उत्सव मनाना भूल जाते थे। अब स्थिति बदल गई है और लोग उपद्रव के बजाय उत्सव पर ध्यान दे रहे हैं।
योगी ने कहा कि इस बार शारदीय नवरात्रि की प्रतिपदा से ही बड़ी संख्या में पंडालों में मां भगवती की मूर्तियां स्थापित कर पूजा शुरू कर दी गई है। पहले मूर्ति स्थापना का सिलसिला आमतौर पर पंचमी से सप्तमी के बीच देखने को मिलता था।
68 हजार ग्राम प्रहरियों का सम्मान
बरेली में CM Yogi ने शिक्षक सम्मेलन एवं जनसंवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया और उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा मजबूत करने, अपराध नियंत्रण और पुलिस-जनसहयोग बढ़ाने में ग्राम प्रहरियों की अहम भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रहरियों को ग्रामीण इलाकों का ‘सीसीटीवी’ बताते हुए कहा कि शारदीय नवरात्रि के अवसर पर प्रदेश के 68,000 ग्राम प्रहरियों के सम्मान के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
Also Read: 2017 से पहले जो रहनुमा थे वही चोर भी थे: सीएम योगी

