कौशल किशोर की चेतावनी, सम्मान नहीं मिला तो थाना-तहसील घेरेंगे, बेटे ने BJP को सुनाई खरी-खरी

Lucknow News: लखनऊ के मलिहाबाद में पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर (Kaushal Kishore) के नेतृत्व में पारख महासंघ के बैनर तले आत्मसम्मान रथ यात्रा निकाली गई। शिक्षा में समानता, अपराध मुक्त शिक्षा व्यवस्था और नशामुक्त समाज का संदेश देने वाली इस यात्रा का समापन देर शाम हुआ।

इस दौरान कौशल किशोर ने थाना, तहसील और अस्पताल जैसी जगहों पर सम्मान न मिलने पर घेराव करने की चेतावनी दी, वहीं उनके बेटे विकास किशोर (Vikas Kishore) ने भाजपा (BJP) में अपनी भूमिका को लेकर नाराजगी जाहिर की।

सम्मान और न्याय के लिए घेराव की चेतावनी

कौशल किशोर (Kaushal Kishore) ने कहा कि अमीर और गरीब, सभी बच्चों को एक समान शिक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि कक्षा छह से ही बच्चों को अपराध के बारे में पढ़ाया जाए, ताकि युवा अपराध की दुनिया से दूर रहें। उन्होंने लोगों से खुद को और अपने बच्चों को नशे से बचाने की अपील भी की। उनके मुताबिक, नशे की लत व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार को बर्बाद कर देती है।

रहीमाबाद में यात्रा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि थाना, तहसील और अस्पताल सहित अन्य जगहों पर यदि सम्मान नहीं मिला या गरीबों, वंचितों और पीड़ितों की आवाज नहीं सुनी गई, तो कार्यकर्ताओं के साथ घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह लोगों को आत्मसम्मान दिलाने और न्याय दिलाने के लिए कदम उठाए जाएंगे।

विकास किशोर बोले, प्रदेश उपाध्यक्ष बनाकर दिया लॉलीपॉप

Kaushal Kishore के बेटे विकास किशोर को भाजपा ने अनुसूचित मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया है। इस नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए विकास किशोर ने रथ यात्रा के दौरान कहा कि उन्हें उपाध्यक्ष बनाकर लॉलीपॉप दिया गया है, जो उन्हें मंजूर नहीं है।

उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने जितनी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) का नाम लिया, उतनी बार अपने माता-पिता का नाम भी नहीं लिया होगा। इसके बावजूद भाजपा के कुछ नेताओं ने उनके पिता को हराने के साथ पार्टी का विरोध किया।

नौ स्थानों पर हुआ यात्रा का स्वागत

आत्मसम्मान रथ यात्रा की शुरुआत काकोरी के दुर्गागंज से हुई। इसके बाद गौरय्या, माल, गहदों, ससपन, रहीमाबाद, अटौरा, मलिहाबाद कस्बा और कसमंडी कलां में यात्रा का स्वागत किया गया।

इस मौके पर विधायक जयदेवी कौशल, ब्लॉक प्रमुख निर्मल वर्मा, जितेंद्र गौतम, अंजू सिंह, नवीन यादव, ओमप्रकाश साहू, सिराज अहमद, आदर्श सिंह, सतीश गोस्वामी, मीनू वर्मा, पंकज प्रधान और राजू कोयला वाले समेत हजारों लोग मौजूद रहे।

Also Read: दंगा किया तो बाप-दादाओं की संपत्ति से भी होगी वसूली’, बरेली से CM योगी की उपद्रवियों को चेतावनी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.