राहुल गांधी की सुरक्षा बढ़ाने की मांग, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने अमित शाह को लिखा पत्र

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हाल ही में हुए हमले का हवाला देते हुए यह अनुरोध किया है।

जनता से सीधा संवाद करने वाले नेता की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण

अजय राय ने अपने पत्र में कहा है कि जन-प्रतिनिधियों को अपने राजनीतिक और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए जनता के बीच रहना पड़ता है। हाल ही में दिल्ली की मुख्यमंत्री के साथ हुई घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जब वह जन-सुनवाई कर रही थीं, तभी उन पर हमला हुआ।

अजय राय ने जोर देकर कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस और भारतीय राजनीति के सबसे लोकप्रिय नेताओं में से एक हैं। उन्होंने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और लोकसभा चुनाव प्रचार जैसे कई कार्यक्रमों के जरिए सीधे जनता से संवाद स्थापित किया है। वर्तमान में भी वह बिहार में ‘जन-अधिकार यात्रा’ का नेतृत्व कर रहे हैं, जिसमें लाखों लोग उन्हें देखने और सुनने आ रहे हैं।

सुरक्षा में चूक का खामियाजा भुगत चुके हैं राहुल गांधी के परिजन

पत्र में अजय राय ने यह भी याद दिलाया कि राहुल गांधी के प्रिय परिजन, आतंकी हिंसा का शिकार हुए हैं, जिसमें सुरक्षा में चूक एक प्रमुख कारण रही थी। इन परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने अमित शाह से अनुरोध किया है कि राहुल गांधी को बिना किसी चूक के उच्चतम स्तर की व्यक्तिगत सुरक्षा प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत महत्वपूर्ण है कि उनकी सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया जाए।

Also Read: बाफिला घोटाला: हजारों करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग, आयकर-ईडी मेहरबान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.