Deoria News: मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल बर्खास्त, पानी की टंकी में शव मिलने का मामला

Sandesh Wahak Digital Desk: देवरिया स्थित महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की पानी की टंकी में एक शव मिलने की सनसनीखेज घटना को उत्तर प्रदेश सरकार ने बेहद गंभीरता से लिया है। इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. राजेश कुमार बरनवाल को उनके पद से हटा दिया गया है।

प्रमुख सचिव (चिकित्सा शिक्षा) अमित कुमार घोष ने बुधवार को जारी अपने आदेश में कहा कि पानी की टंकी में कई दिनों से शव पड़ा होने के कारण जन स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हुआ है।

दुर्गंध की शिकायत पर खुला राज

यह भयावह मामला तब सामने आया जब कॉलेज की ओपीडी और वार्डों में सप्लाई हो रहे पानी से लगातार दुर्गंध आने की शिकायतें मिलीं। सफाई कर्मियों ने जब बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल पर स्थित सीमेंटेड टंकी की जांच की, तो उसमें एक सड़ा हुआ शव मिला, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस को बुलाकर कई घंटों की मशक्कत के बाद देर रात शव को बाहर निकाला गया।

प्रिंसिपल संबद्ध, नए कार्यवाहक तैनात

प्रमुख सचिव अमित कुमार घोष ने इस मामले में जिलाधिकारी, देवरिया को जांच अधिकारी नामित करते हुए जांच शुरू करा दी है। जांच पूरी होने तक डॉ. राजेश कुमार बरनवाल को प्रधानाचार्य पद से हटाकर महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण कार्यालय से संबद्ध (अटैच) कर दिया गया है।

डॉ. बरनवाल के स्थान पर, डॉ. रजनी (आचार्य एवं विभागाध्यक्ष, एनाटमी विभाग, स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एटा) को देवरिया मेडिकल कॉलेज का कार्यवाहक प्रधानाचार्य नियुक्त किया गया है। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो पाई है, क्योंकि वह बुरी तरह सड़ चुका है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर शव पानी की टंकी तक कैसे पहुंचा और यह किसी दुर्घटना या आपराधिक कृत्य का परिणाम है।

Also Read: बाराबंकी में STF का बड़ा एक्शन, भाड़े पर हत्या करने वाले 3 शातिर बदमाश गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.