Deoria News: मेडिकल कॉलेज की पानी टंकी में मिला सड़ा हुआ शव, बदबू आने पर हुआ खुलासा
Deoria News: उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में सोमवार की शाम को देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की पांचवीं मंजिल पर स्थित पानी की टंकी में एक पुरुष का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव मिलने से पहले ही मरीजों ने पानी में बदबू की शिकायत की थी, लेकिन कर्मचारियों ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद जब शिकायत मेडिकल कॉलेज प्रशासन तक पहुंची, तब जाकर जांच शुरू हुई।
पहले से ही आ रही थी बदबू
बताया जा रहा है कि सर्जिकल वार्ड के मरीजों ने सुबह ही पानी से तेज दुर्गंध आने की शिकायत की थी, लेकिन इसे नजरअंदाज कर दिया गया। जिसके बाद शाम को जब पानी की लाइन की जांच शुरू हुई और कर्मचारी पांचवीं मंजिल पर स्थित आठ फुट ऊंची पानी की टंकी तक पहुंचे, तो वहां तेज बदबू फैली हुई थी। टंकी का ढक्कन हटाने पर अंदर एक पुरुष का शव मिला, जो काफी पुराना और क्षत-विक्षत अवस्था में था।
वहीं इस घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टंकी को तोड़कर शव निकालने का प्रयास किया गया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए और पानी की आपूर्ति तत्काल बंद कर दी गई।

लापरवाही पर उठे सवाल
वहीं मरीजों और उनके तीमारदारों ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया। लोगों का कहना है कि अगर पानी की बदबू की शिकायत को गंभीरता से लिया जाता, तो यह स्थिति टाली जा सकती थी। मरीजों ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति प्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।
रुद्रपुर से आए मरीज रामदीन ने बताया कि वह तीन दिन से अस्पताल में भर्ती हैं और पानी से लगातार बदबू आ रही थी। अब यह जानकर डर लग रहा है कि वह पानी शव की मौजूदगी वाले टंकी से आ रहा था।
प्राचार्य ने दी सफाई, जांच जारी
वहीं मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार बरनवाल ने कहा, जैसे ही हमें जानकारी मिली, तुरंत पुलिस और फॉरेंसिक टीम को सूचित किया गया और पानी की आपूर्ति बंद कर दी गई। हम जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं।
वहीं इस घटना के बाद, मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने सर्जिकल वार्ड, ओपीडी, नर्सिंग हॉस्टल और प्रशासनिक भवनों की पानी की सप्लाई रोक दी। जल निगम और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने टंकी को खाली कराया और पूरे परिसर को सैनिटाइज किया। पानी के नमूने लखनऊ की राज्य प्रयोगशाला में भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने तक सप्लाई बंद रहेगी।
Also Read: बंगाल में भाजपा सांसद पर भीड़ का हमला, लोकसभा सचिवालय ने गृह मंत्रालय ने माँगी रिपोर्ट

