Lucknow News: रिश्वतखोरी का वीडियो वायरल होने पर डीजीपी ने 11 पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड

Lucknow News: सोशल मीडिया पर एक चौंकाने वाला वीडियो वायरल होने के बाद, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी सरेआम रिश्वत लेते दिखाई दे रहे थे, उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। विभाग ने इस गंभीर मामले पर तनिक भी देरी न करते हुए तुरंत सख्त कार्रवाई की है।

पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्णा ने भ्रष्टाचार के मामलों पर अपनी ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति को स्पष्ट करते हुए तीन जिलों – चित्रकूट, बांदा और कौशाम्बी के कुल 11 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

किस जनपद से कितने कर्मी निलंबित

चित्रकूट: यहां सबसे बड़ी कार्रवाई हुई है, जिसमें प्रभारी निरीक्षक भरतकूप, थानाध्यक्ष पहाड़ी, थानाध्यक्ष राजापुर समेत कुल 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड किए गए हैं। इनमें एक इंस्पेक्टर, दो सब-इंस्पेक्टर, एक महिला सब-इंस्पेक्टर और तीन कांस्टेबल शामिल हैं।

बांदा: यहां थानाध्यक्ष बदौसा (सब-इंस्पेक्टर) और एक कांस्टेबल पर गाज गिरी है।

कौशाम्बी: यहां थानाध्यक्ष महेवाघाट (सब-इंस्पेक्टर) और एक कांस्टेबल को निलंबित किया गया है।

डीजीपी ने इस कार्रवाई के जरिए यह साफ कर दिया है कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जिला पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ जनता की सेवा करें। उनका कहना है कि ऐसे मामलों में तुरंत जांच और कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि पुलिस की छवि पर कोई आंच न आए।

पुलिस मुख्यालय ने भी एक बयान जारी कर कहा है कि आम जनता के सहयोग से विभाग में पारदर्शिता लाई जाएगी और भ्रष्टाचार पर रोक लगाई जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो सामने आने के बाद तुरंत कार्रवाई करना जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करता है। गौरतलब है कि यह कार्रवाई समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव द्वारा बुधवार सुबह सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पोस्ट करने और सरकार पर हमला बोलने के बाद की गई है।

Also Read: उन्नाव: पुलिस अधीक्षक दंपति ने वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों संग मनाई दीपावली, बांटी खुशियां

Get real time updates directly on you device, subscribe now.