सोनम वांगचुक के आंदोलन में पहुंचीं डिंपल यादव, मंच से गलत नाम पुकारने पर मच गया शोर

Dimple Yadav: नीट पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन को अब विपक्षी दलों का समर्थन मिलने लगा है। करीब एक महीने से जारी आंदोलन के बीच 19वें दिन भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक से मिलने समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव गुरुवार को जंतर-मंतर पहुंचीं। इससे एक दिन पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया के जरिए आंदोलन का समर्थन किया था।

इस दौरान एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मंच पर डिंपल यादव के पहुंचने पर उद्घोषक ने गलती से उनका नाम “डिंपल कपाड़िया” बोल दिया। गलती का एहसास होते ही उन्होंने तुरंत नाम सुधार लिया।

डिंपल यादव ने सरकार पर साधा निशाना

मंच से प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए डिंपल यादव ने कहा कि वह सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल को सलाम करती हैं। उन्होंने कहा कि कई छात्रों की तबीयत खराब हो चुकी है। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने युवाओं को एक मंच दिया है। डिंपल यादव ने कहा कि यदि देश का युवा मजबूत होगा तो उसे कोई हरा नहीं सकता। उन्होंने ऐलान किया कि इस आंदोलन को पूरी समाजवादी पार्टी का समर्थन है।

उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में छात्रों और किसानों की स्थिति सभी जानते हैं तथा डर का माहौल बनाया जा रहा है। उनके अनुसार, सरकार को इस बात से फर्क नहीं पड़ता कि कौन जी रहा है और कौन मर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा को लोकतांत्रिक तरीके से वोट के जरिए रोका जा सकता है।

19 दिन से अनशन पर हैं सोनम वांगचुक

सोनम वांगचुक पिछले 19 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। बताया गया है कि उनका वजन 9 किलोग्राम से अधिक कम हो चुका है। डॉक्टरों ने उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई है। हालांकि, वांगचुक ने साफ कहा है कि सरकार की ओर से कोई ठोस जवाब मिलने तक वह अपना अनशन समाप्त नहीं करेंगे। उनका कहना है कि बिना जवाब के आंदोलन खत्म करना गलत संदेश देगा।

 

Also Read: जगन्नाथ रथ यात्रा में भगदड़, 1 श्रद्धालु की मौत, 200 से ज्यादा घायल 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.