जगन्नाथ रथ यात्रा में भगदड़, 1 श्रद्धालु की मौत, 200 से ज्यादा घायल
Jagannath Rath Yatra: ओडिशा के पुरी में विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के पहले दिन गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। ग्रैंड रोड (बड़ा डंडा) पर लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने से अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 200 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। कई श्रद्धालुओं को सांस लेने में दिक्कत हुई, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि प्रशासन ने अब तक मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
रेस्क्यू टीम ने संभाला मोर्चा, अस्पतालों में चल रहा इलाज
जानकारी के अनुसार, भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के रथ मंदिर से बाहर निकल रहे थे, तभी ग्रैंड रोड पर भीड़ अचानक बढ़ गई। दम घुटने से एक श्रद्धालु बेहोश हो गया। उसे पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल (DHH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद स्पेशल रेस्क्यू यूनिट (SRU) ने तुरंत अभियान चलाकर प्रभावित लोगों को भीड़ से बाहर निकाला और पुरी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया। प्रशासन ने मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल और इमरजेंसी मेडिकल टीमों की तैनाती कर दी है।
बारिश के बीच रथ यात्रा, सरकार अलर्ट पर
विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा के तहत भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की वार्षिक यात्रा 12वीं शताब्दी के मंदिर से गुंडिचा मंदिर के लिए शुरू हुई। इससे पहले चक्रराज सुदर्शन को देवी सुभद्रा के रथ ‘दर्पदलन’ पर स्थापित किया गया। इसके बाद पहंडी परंपरा के तहत भगवानों की प्रतिमाओं को रथों पर विराजमान किया गया।
इस बीच पुरी में पिछले 24 घंटे में करीब 200 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जलभराव की आशंका को देखते हुए राज्य सरकार ने 24 घंटे अलर्ट टीमें तैनात की हैं। आवास एवं शहरी विकास मंत्री कृष्ण चंद्र महापात्र ने संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को उच्च क्षमता वाले पंप, बाईपास पाइपलाइन और बेहतर जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

