विराट कोहली के संन्यास की चर्चा तेज, सिडनी वनडे के बाद गुडबाय कह सकते हैं ‘किंग कोहली’!
Sandesh Wahak Digital Desk: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी वनडे सीरीज में विराट कोहली के लगातार खराब प्रदर्शन के बाद उनके संन्यास की चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं।
एडिलेड वनडे में ‘शून्य’ पर आउट होने के बाद विराट का एक इशारा सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद फैंस कयास लगाने लगे कि सिडनी वनडे उनके करियर का आखिरी मैच हो सकता है।
दरअसल, विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए पहले दो वनडे में रन नहीं बना पाए — पहले मैच में उन्होंने 8 गेंदें खेलीं, जबकि दूसरे में मात्र 4 गेंदों के बाद ‘डक’ पर पवेलियन लौट गए।

एडिलेड में आउट होने के बाद उन्होंने स्टैंड की ओर हाथ उठाया, जिसे फैंस ने रिटायरमेंट का संकेत मान लिया। हालांकि, यह भी संभव है कि कोहली सिर्फ दर्शकों का अभिवादन स्वीकार कर रहे हों।
विराट कोहली की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और #ViratRetirement ट्रेंड कर रहा है। कोहली पहले ही टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, ऐसे में वनडे से भी विदाई की संभावना पर चर्चाएं गर्म हैं।
पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने इन अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “विराट कोहली के 14,000 से अधिक वनडे रन और 51 शतक हैं। दो असफलताओं पर इतनी आलोचना नहीं होनी चाहिए। उनमें अभी भी काफी क्रिकेट बाकी है।”
गौरतलब है कि विराट कोहली ने अब तक 304 वनडे मैचों में 14,181 रन बनाए हैं। 51 शतकों और 73 अर्धशतकों के साथ उनका औसत 57.41 का है। फैंस को उम्मीद है कि सिडनी में ‘किंग कोहली’ एक बार फिर शानदार वापसी करेंगे।
Also Read: IND vs AUS T20 Series: 29 अक्टूबर से सीरीज का आगाज, जानें पूरा शेड्यूल

