Bareilly News: पर्यावरण और ईंधन संरक्षण के लिए जिलाधिकारी ने घोषित किया नो व्हीकल डे

Bareilly News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए बरेली के जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने एक बड़ा और अनुकरणीय फैसला लिया है। जिले में पर्यावरण संरक्षण और ईंधन की बचत को बढ़ावा देने के लिए अब हर हफ्ते शनिवार और सोमवार को नो व्हीकल डे (वाहन मुक्त दिवस) के रूप में मनाया जाएगा। इस मुहिम की शुरुआत खुद जिलाधिकारी ने अपने आवास से कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय तक पैदल चलकर की।

जिलाधिकारी ने इस पहल के माध्यम से बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने, ऊर्जा बचाने और सेहत के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया है। उन्होंने जनपद के सभी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों से देशहित और पर्यावरण हित के इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की है।

डीएम ने निर्देश जारी किए हैं कि सप्ताह के इन दो निर्धारित दिनों (सोमवार और शनिवार) में सभी कर्मचारी अपने व्यक्तिगत या सरकारी वाहनों का उपयोग पूरी तरह बंद रखें और इसके स्थान पर सार्वजनिक परिवहन (पब्लिक ट्रांसपोर्ट) का इस्तेमाल करें या पैदल दफ्तर आएं।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: Lucknow के DM और ADM ज्यूडिशियल पर 20 हजार रुपये का जुर्माना, जाने क्या है मामला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.