संसद की लोक लेखा समिति की बैठक में जगदंबिका पाल ने वित्तीय पारदर्शिता पर दिए अहम सुझाव
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज लोकसभा क्षेत्र से वरिष्ठ सांसद जगदंबिका पाल ने नई दिल्ली के संसद भवन एनेक्सी में आयोजित लोक लेखा समिति (PAC) की वर्ष 2026-27 की पहली बैठक में हिस्सा लिया। इस उच्च स्तरीय बैठक के दौरान आगामी वर्ष में विभिन्न मंत्रालयों के कार्यों की समीक्षा, परीक्षण और अध्ययन के लिए महत्वपूर्ण विषयों के चयन पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुख्य रूप से सार्वजनिक धन के सही इस्तेमाल, सरकारी योजनाओं की जमीनी प्रभावशीलता और वित्तीय पारदर्शिता को और मजबूत करने जैसे मुद्दों पर गंभीर विचार-विमर्श हुआ।
बैठक के दौरान अपने विचार साझा करते हुए सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि लोक लेखा समिति संसद की एक बेहद महत्वपूर्ण और गरिमामयी वित्तीय संस्था है। यह समिति सरकारी खर्चों और वित्तीय कार्यों की निष्पक्ष समीक्षा करके शासन व्यवस्था में जवाबदेही तय करने का काम करती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए जनता के पैसे का सही और पारदर्शी उपयोग बेहद जरूरी है।
समिति द्वारा की जाने वाली इस समीक्षा से न केवल प्रशासनिक व्यवस्था अधिक उत्तरदायी और जनकल्याणकारी बनती है, बल्कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भी बड़ा सुधार देखने को मिलता है।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: Bareilly News: पर्यावरण और ईंधन संरक्षण के लिए जिलाधिकारी ने घोषित किया नो व्हीकल डे

