दीपावली पर उठी हादसों की लपटें, नवी मुंबई और पिंपरी चिंचवड़ में आग की कई घटनाएं, 6 लोगों की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: दीपावली (Diwali) का पर्व रोशनी, खुशियों और उत्साह का प्रतीक है, लेकिन इस बार कई परिवारों के लिए यह जश्न मातम में बदल गया। नवी मुंबई और पिंपरी चिंचवड़ में सोमवार (20 अक्टूबर) और मंगलवार (21 अक्टूबर) को आग लगने की कई दर्दनाक घटनाएं सामने आईं, जिनमें मां-बेटी समेत लगभग 6 लोगों की जान चली गई। फायर ब्रिगेड को सिर्फ मुंबई क्षेत्र से ही 32 से ज्यादा आग की कॉल मिलीं।
6 साल की बच्ची और बुजुर्ग समेत 4 की मौत
यहां पहला बड़ा हादसा नवी मुंबई के वाशी सेक्टर-14 स्थित रहेजा रेजीडेंसी सोसाइटी में हुआ। आधी रात को एमजी कॉम्प्लेक्स में अचानक आग लग गई, जिसने 10वीं, 11वीं और 12वीं मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। अग्निशमन विभाग की टीम के मुताबिक, इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। जिनमें एक बुजुर्ग दादी, एक मां-पिता और उनकी 6 साल की मासूम बेटी शामिल हैं। यहां कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल फायर विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है।

कामोठे में सिलेंडर ब्लास्ट से मां-बेटी की मौत
वहीं दूसरी दर्दनाक घटना कामोठे के सेक्टर-36 स्थित आंबे श्रद्धा सहकारी सोसायटी की है। यहां सोमवार सुबह घर में रखे दो गैस सिलेंडरों में विस्फोट होने से आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि कुछ ही मिनटों में पूरा फ्लैट जलकर खाक हो गया। इस हादसे में मां और बेटी की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य किसी तरह बच निकले। यहां फैली भयानक आग की लपटों ने चौथी मंजिल के हिस्से को भी नुकसान पहुंचाया। जिसके बाद सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और पूरे सोसायटी को एहतियातन खाली कराया गया। वहीं प्राथमिक जांच में सिलेंडर ब्लास्ट को हादसे का कारण बताया जा रहा है।
मुंबई में 32 जगहों पर लगी आग
वहीं आपको बताते चलें कि दीपावली (Diwali) की रात मुंबई में फायर ब्रिगेड को कुल 32 स्थानों से आग लगने की कॉल मिलीं। शहर के कई हिस्सों में दीयों और पटाखों की चिंगारी हादसों की वजह बनी। वहीं सोमवार सुबह कफ परेड में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत की भी पुष्टि हुई।
ईवी शोरूम जलकर खाक
वहीं मंगलवार की सुबह एक और बड़ा हादसा पिंपरी चिंचवड़ के वाकड इलाके में हुआ, जहां एक ईवी बाइक शोरूम में आग लग गई। यहां आग इतनी भीषण थी कि करीब 50 से 60 नए इलेक्ट्रिक स्कूटर जलकर खाक हो गए। फायर ब्रिगेड के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। हालांकि इस घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन आर्थिक नुकसान लाखों रुपये में आंका जा रहा है।
दीपावली की चमक में सुरक्षा का अंधेरा
दीपावली (Diwali) की रौनक के बीच इन घटनाओं ने एक बार फिर सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने अपील की है कि नागरिक पटाखों का सीमित उपयोग करें, गैस सिलेंडरों की समय-समय पर जांच कराएं और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत फायर ब्रिगेड (101) को सूचना दें।
Also Read: बिहार चुनाव 2025: RJD ने जारी की 143 उम्मीदवारों की सूची, तेजस्वी यादव राघोपुर से लड़ेंगे चुनाव

