Lucknow News: डॉक्टर ने इलाज कराने आई छात्रा से OT के अंदर किया रेप, आरोपी गिरफ्तार
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बक्शी का तालाब (BKT) थाना क्षेत्र से एक बेहद हैरान और विचलित कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक निजी अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर (OT) के भीतर इलाज कराने आई एक छात्रा के साथ डॉक्टर द्वारा दुष्कर्म किए जाने का सनसनीखेज आरोप लगा है। परिजनों की शिकायत के मुताबिक, आरोपी डॉक्टर ने वारदात को अंजाम देने से पहले चालाकी से वहाँ मौजूद नर्स और पीड़िता की बड़ी बहन को कमरे से बाहर भेज दिया था। इस खौफनाक घटना के बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए मुख्य आरोपी डॉक्टर को हिरासत में ले लिया है।

ऑक्सीजन लगाने के बहाने ओटी में ले गया
पीड़िता के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, उनकी बेटी को मिर्गी के दौरे पड़ने की बीमारी थी, जिसके इलाज के लिए उसे 19 मई को बीकेटी स्थित इस निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना वाले दिन दोपहर करीब 3 बजे युवती को अचानक सांस लेने में भारी तकलीफ होने लगी। इस पर अस्पताल के डॉक्टर विजय कुमार गिरी ने उसे ऑक्सीजन लगाने की बात कही और युवती को उसकी बड़ी बहन व एक ड्यूटी नर्स के साथ ओटी (ऑपरेशन थिएटर) में शिफ्ट कर दिया।
आरोप है कि कुछ ही देर बाद डॉक्टर विजय कुमार गिरी खुद ओटी के अंदर दाखिल हुआ और उसने इलाज का हवाला देकर नर्स और पीड़िता की बड़ी बहन को बाहर जाने को कह दिया। इसके बाद आरोपी डॉक्टर ने छात्रा की कलाई में लगे वीगो के जरिए एक ऐसा इंजेक्शन दिया जिससे वह अर्धबेहोश हो गई और अपनी सुध-बुध खो बैठी। इसी लाचारी का फायदा उठाकर डॉक्टर ने उसके साथ दरिंदगी की।
वारदात के कुछ देर बाद जब छात्रा को थोड़ा होश आया, तो वह रोती और बदहवास हालत में ओटी से बाहर निकली। उसने बाहर खड़े अपने पिता और बड़ी बहन को गले लगकर रोते हुए डॉक्टर की इस गंदी करतूत की पूरी आपबीती सुनाई। बेटी के साथ हुई इस हैवानियत को सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई और उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी।
अस्पताल के भीतर छात्रा से रेप की सूचना मिलते ही बीकेटी पुलिस और एसीपी विकास पांडेय भारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आरोपी डॉक्टर विजय कुमार गिरी को मौके से ही हिरासत में ले लिया। पुलिसिया जांच में सामने आया है कि आरोपी डॉक्टर मूल रूप से सीतापुर जिले के रेउसा थाना क्षेत्र का रहने वाला है, जिसने साल 2022 में लखनऊ में एक बिल्डिंग किराए पर लेकर यह अस्पताल शुरू किया था। फिलहाल पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: सपा सांसद इकरा हसन पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज, सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप

