डोनाल्ड ट्रंप की भारत को धमकी, अगले 24 घंटे में टैरिफ में करुंगा भारी बढ़ोत्तरी
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को एक बार फिर से धमकी दी है। उन्होंने साफ कहा है कि अगर भारत ने रूसी तेल खरीदना बंद नहीं किया, तो वह अगले 24 घंटों में भारत पर टैरिफ यानी आयात शुल्क में भारी बढ़ोतरी कर देंगे। ट्रंप ने आरोप लगाया कि भारत “एक अच्छा व्यापारिक साझेदार नहीं रहा है” और “सबसे ज्यादा टैरिफ वाला देश है।”
क्या कहा ट्रंप ने?
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, “भारत न सिर्फ भारी मात्रा में रूसी तेल खरीद रहा है, बल्कि उसे बड़े मुनाफे पर खुले बाजार में बेच भी रहा है।” उन्होंने आगे कहा कि भारत को इस बात की कोई परवाह नहीं है कि रूसी हमले में यूक्रेन में कितने लोग मारे जा रहे हैं। इसी वजह से वह भारत के खिलाफ यह कदम उठाएंगे।
भारत ने दिया कड़ा जवाब
ट्रंप की इस धमकी के बाद, भारत ने भी तुरंत और कड़े शब्दों में प्रतिक्रिया दी। विदेश मंत्रालय ने अमेरिका और यूरोपीय देशों को निशाने पर लेते हुए कहा कि भारत को बेवजह निशाना बनाना गलत और नासमझी है। मंत्रालय ने कहा, “किसी भी बड़ी अर्थव्यवस्था की तरह, भारत अपने राष्ट्रीय हितों और आर्थिक सुरक्षा की रक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाएगा।”
भारत ने गिनाए यूरोपीय देशों के आंकड़े
भारत ने अमेरिका के आरोपों पर पलटवार करते हुए यूरोपीय संघ और रूस के बीच के व्यापार के आंकड़े भी पेश किए। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, साल 2024 में यूरोपीय संघ और रूस के बीच कुल 67.5 अरब यूरो का व्यापार हुआ, जो भारत और रूस के कुल व्यापार से कहीं ज्यादा है। भारत ने कहा कि ऐसे हालात में सिर्फ भारत को दोषी ठहराना गलत है।
Also Read: शेख हसीना ने अंतरिम सरकार को घेरा, कहा- सत्ता जनता की होती है

